Post – 2017-01-02

उसका जादू भी बेअसर न रहा

मैं गप्प लड़ाता हूं इसलिए मेरा अधिकारी व्यक्ति होना जरूरी नहीं है।

अधिकारी लोग अपनी किताब लिखने की तैयारी कर रहे होते हैं, उसमें कोई खोट न रह जाय इसलिए शोध करते, नोट तैयार करते, अपनी ही किताब का नया ड्राफ्ट तैयार कर रहे होते हैं और उसी बीच गप्प लड़ाने वाले अपनी कच्ची पक्की जानकारी का कानाफूसी संचार करते हुए समाज को बदल रहे होते है और जब तक अधिकारी विद्वान का लोगों की पक्की जानकारी के अनुसार पक्का ज्ञान हम तक पहुंचता है, तब तक दुनिया बदल चुकी होती है और पक्की जानकारी वाली किताबों में उस सबसे शक्तिशाली माध्यम की भूमिका का जिक्र तक नहीं होता जिसने दुनिया बदली।

अब अधिकारी विद्वान को अपने को सच्चा अधिकारी सिद्ध करने के लिए एक दूसरी किताब, बदली हुई दुनिया को बयान करने वालों की महिमा गाते हुए नहीं, दुनिया बदलने वालों की कानाफूसी पर लिखनी चाहिए, परन्तु उसका कोई अभिलेख तो होता नहीं, इसलिए वह कभी दुनिया बदलने की प्रक्रिया, उसकी कारक शक्तियों और उनके ज्ञान के स्रोत और सूचना की आप्तता या अनाप्‍तता की जांच कर ही नहीं सकता। इतिहास लिखने वाला महाज्ञानी, इतिहास बदलने वाले, हम कमअक्‍लों से कई किलोमीटर पीछे रहता है और फिर भ्‍ाी यह भरम पाले रहता है कि सबसे आगे वही है, और लिखने से अधिक समय अपनी कुर्सी सबसे आगे लगाने की चिन्‍ता में लगा रहता है।

अकारण नहीं है कि बहुत कम जानता हुआ भी मैं ऐसी गंभीर समस्याओं में टांग टूटने का खतरा उठाते हुए भी टांग अड़ाने से बाज नहीं आता क्योंकि दुनिया को बदलने का काम अधकचरे दिमाग के लोग ही करते रहे हैं और उनका सिरमौर बनने की लालसा में मुझे बार बार यह जोखिम मोल लेना पड़ता है।

पर इसके साथ यह विश्‍वास भी रहता है कि जानकारों को मेरी बेवकूफी न सही (अपने बारे में खराब बात नहीं बोलनी चाहिए क्योंकि लोग उस पर विश्‍वास कर लेते है, जब कि आप समझते हैं लोग इसे आपकी विनम्रता का प्रमाण समझ कर आपके बारे मे अच्छी राय बनायेंगे और यदि अब तक कोई बुरी राय बना चुके होंगे तो उसे खारिज कर देंगे) इसलिए मेरी जानकारी की कमी का पता चल जाएगा, और यदि उनकी समझ में यह आ गया कि दुनिया बदलने का काम हम जैसे लोग ही करते हैं, तो दुनिया को हमारे हाथों बर्वाद होने से बचाने के लिए वे हमसे सही जानकारी साझा करेंगे और उनसे तू तड़ाक करते हुए हमें यह भी पता चल जाएगा कि बन्दा बात तो सही कह रहा है, इसलिए अपना दिमाग दुरुस्त करने का मौका भी मिलेगा, मैं अपनी करने से बाज नहीं आता। जो अपनी करनी नहीं करते उनको लानत तक नहीं भेजता। अपना काम ही क्या कम है कि उनकी निन्दा करने पर समय बर्वाद करूं ।

जिस बात को मैं कहने की हिम्मत जुटाने के लिए कल भूमिका बना रहा था वह यह कि सामी मजहबों में वह क्या है कि… क्षमा करें । मैं सभी सामी मजहबों को एक टोकरे में नहीं रख सकता। यहूदियों के बारे में मैं इतना कम जानता हूं कि कुछ मित्रों की टिप्पणियों से मेरा ज्ञान बढ़ा और समझ बदली और अब मैं जानकारों को भी यह बता सकता हूं कि उन्‍हें गर्भाधान से ले कर सत्‍यसन्‍धान की उम्र तक किस तरह का खान पान और व्‍यायाम रखना चाहिए। ऐसे मौकों पर अपने शास्‍त्र याद आ जाते हैं जिनमें बहुत पहले बताया गया था कि यदि तुम अमुक गुणों वाली सन्‍तान चाहते हो तो कितने समय से क्‍या खाते हुए ठीक मौके पर क्‍या खाओगे जिससे उन गुणों की सन्‍तान पैदा हो और उन कथाओं पर भी जिनमें मां के गर्भ में ही भ्रूण को दुर्भभेदन सिखा दिया जाता है, परन्‍तु मैं इसकी याद दिला कर आपकाे खिन्‍न नहीं करना चाहता। जबान है तो चलेगी भी और चले जितनी भी मुंह के अन्‍दर और दांतो के आतंक को झेलते जहां से चलना आरंभ की थी वहीं चलते चलते रह भी जाएगी।

बतकही का तो मजा ही यह है कि आप बात छेड़ दीजिए और अगला आपकी आलोचना करते हुए आपकी समझ दुरुस्त कर देगा। न स्कूल की हाजिरी न फीस, बैठे बिठाए ज्ञानी बन गए।

सो मैं सामी मजहब शब्द की जगह केवल ईसाइयत और इस्लाम को एक श्रेणी में और यहूदी मत को इन दोनों से अलग रखना चाहता हूं फिर भी यह याद रखना चाहता हूं कि इन तीनों में यह समानता है कि ये सभी पशुचारी जमातों के मजहब हैं और इसलिए इनकी दुनिया अपनी जमात या अपने कबीले तक सीमित रहने को बाध्य थी। इनमें इससे आगे कुछ भी समान नहीं रहता, समान मानसिकता तो रह ही नहीं सकती !

ईसाइयत और इस्लाम दोनों ने यहूदियों के पुराण से ले कर उनका अन्‍धविश्‍वास तक ले लिया, परन्तु कृतघ्नता यह कि वे उसी थाली में छेद करते रहे जिसमें वे खा रहे थे और अपने कुकर्मों को बेचारे यहूदियों के मत्थे मढ़ रहे थे।

यह मैं पहले ही कह आया हूं कि ईसा यहूदी थे । उन्होंने यहूदी मत में कुछ नए मूल्य जोड़े जिनके कारण इसकी पहचान बदल गई और एक नया मजहब पैदा हो गया जिसे ईसा का मत या क्रिस्ट का मत कहा गया। मैं अपमान का खतरा उठा कर भी यह सवाल करना चाहता हूं कि इनमें से कौन सा नाम उस व्यक्ति का था जिसे उस मत का जनक माना गया, जिसे ईसा का मत या ईसाइयत और क्रिस्ट का मत या क्रिश्चियैनिटी कहा जाता है और यह भी जानना चाहता हूं कि ये दोनो नाम ईश और कृष्‍ण के इतने निकट क्यों हैं कि एक जमाने में वेबर जैसे विद्वान भी यह खतरा मोल ले कर कृष्‍ण को क्रिश्चियैनिटी के प्रभाव में गढ़ा चरित्र सिद्ध करते रहे।

इन सवालों को मैं पीछे उठा चुका हूं और यह भी निवेदन कर चुका हूं कि ईसा के इस नये विचार को मानने वाले उनके शिष्‍य यदि ईसाई या क्रिश्चियन नहीं कहे जाएंगे तो उन्हें यहूदी कैसे कहा जा सकता है! कई बार मैं सोचता हूं कि यहूदियों में दुनिया के इतने असाधारण और अधिसंख्य मेधावी सभी क्षेत्रों में पैदा किए परन्तु मुझ जैसा बेगैरत एक भी क्यों न पैदा किया कि कवह अपना सम्मान तक दाव पर लगा कर कह पाता, हरामजादो, खैर इतना कठोर शब्द तो न वह कहता न इसका अनुकूल प्रभाव पड़ता, फिर भी यह तो समझाना ही चाहिए था कि यदि ईसा के शिष्‍यों ने टके के लोभ में ईसा से विश्‍वासघात किया तो वे उनके नए मत के अनुयायी ईसाई हुए या यहूदी। यदि ईसाई हुए तो वे अपने ही कमीनेपन का दंड हमें कैसे दे सकते हैं?

आप जानना चाहते होंगे कि आनुपातिक दृष्टि से असंख्य और अनन्य दार्शनिकों, चिन्तकों और व्यवसायियों के होते हुए भी यहूदियों में से कोई यह काम क्यों न कर सका?

उत्‍तर यह है कि सामी मतों में अकेले यहूदी दुनियादार रहे हैं, समझदार रहे हैं, और समझदारी को सफलता का पैमाना और यश और कीर्ति को परम उपलब्धि मानने के कारण किसी को अपनी अवज्ञा, उपेक्षा और अपमान का खतरा उठा कर सच को सच कहते हुए जो भोगना पड़ रहा था उसे चुनौती देने का साहस नहीं हुआ। अपमान सहने को तैयार हो कर सच कहने का साहस बहुत कम लोगों को होता है। अपनी तारीफ करने की आदत नहीं, पर अपने बारे में भी सच कहने वाला तो कोई होना चाहिए, कोई किराये पर भी नहीं मिलता, इसलिए खुद कहना पड़ता है कि काश मुझ जैसा एक भी यहूदी पैदा हुआ होता तो उन्हें इतने लंबे समय तक इतनी जिल्लत की जिन्दगी नहीं जीनी पड़ी होती!

मुझे आश्‍चर्य इस बात पर होता है कि ईसाइयों और मुसलमानों ने यहूदियों से उनका पुराण लिया, स्वर्ग के काल्पनिक लोक में घटिया किस्म के सुख विलास की कल्पना में दुनिया को और स्वयं अपनी जिन्दगी को भी बर्वाद कर डाला और सपने वे जिन्हें लफंगे और घटिया किस्म के लोग इस दुनिया में ही पूरा कर लेते हैं,उसे पाने के लिए जान देते रहे, परन्तु उन यहूदियों से जीने का सऊर नहीं सीख सके। बल्कि उसी के कारण और उस मामलों में अपने पिछड़ जाने के कारण वे यहूदियों से घृणा करते रहे और यह भूल गए कि जिस सफलता के बल पर वे अपनी गोरी चमड़ी और यूरोप पर गर्व करते हैं उसके जनक यहूदी हैं। उनकी ही सफलता ने अैर उनके साहचर्य में दूसरों की सीख ने यूरोप को इतना आगे पहुंचाया।

भूमिका की भी भूमिका होती है क्या? मैं तो अपनी बात आज भी कायदे से नहीं रख सका, पर इस बात की ओर ध्यान जाता है कि क्या हिन्दुओं से भी इसी तरह की घृणा दूसरे समाजों में पाली जाती रही ? कारण सभी क्षेत्रों में वे ही अग्रणी थे और इसे दूसरे देशों के लोग भी स्‍वीकार करते थे। हाल यह कि अमीर खुसरो जो हिन्‍दुओं से घृणा करता था वह भी इस सचाई को मानता था। हिन्‍दुओं को अपनी दुर्गति के दिनों में भी रात को सोने से पहले और जागने के बाद पहला और अन्तिम सपना यही दिखाई देता था कि हम जगद्गुरु रहे हैं, हम जगद्गुरु है और आश्‍चर्य यह कि आज भी वे सपने संजायें हैं कि युद्ध और विनाश के ज्वालामुखी पर बारूद के अंबार लगाने वाले पश्चिम को और पूरी मानवता को विनाश से बचाने का काम भारतीय ही कर सकते हैं। कुछ तो ऐसा है लोग कहते हैं, उसका जादू भी बेअसर न रहा !

Post – 2017-01-01

कल सही

विचार निर्ममता से किया जाय और व्‍यवहार सदाशयता से तो ही वह हितकर होता है । घबराए हुए लोग जल्‍द निराश हाेे जाते हैं और इन दोनों में से किसी का पालन नहीं कर पाते। निर्मम का अर्थ प्राय: कठेार कर लिया जाता है, अर्थ है ममत्‍व या आसक्ति से मुक्‍त, वस्‍तुपरक विचार, जिसमें स्‍नेह या राग नहीं होता इसलिए इसने कठोरता का भाव ले लिया जो अंग्रेजी के स्‍टर्न (स्‍टर्न डिसिप्लिनेरियन) में पाया जाता है । निर्मम चिन्‍तन उस विचार का संक्षेप है जिसमें अयंं निज: परो वा इति, भाव से विचार तुच्‍छ विचार वालों की सोच माना गया है विचार की सार्वदेशिकता और सार्वकालिकता को कसौटी माना गया है क्‍योंकि हम मानवता का ही अंग हैं और उसके साथ जुड कर ही अपनी महिमा प्राप्‍त करते हैं । विचार की अपनी युनिवर्सिलिटी की चिन्‍ता। अयं निज: परोवेति गणना लघुचेतसाम् । उदारचरितानां तु वसुधैव कुटुंबकम् ।

कांट उन दार्शनिकों में से एक है जिसको भारतीय चिन्‍ताधारा के प्रति सम्‍मान था और उसने नैतिकता की परख की जो कसौटियां तय की उनमें एक है सार्वभौमिकता की कसौटी । कोई काम नैतिक है या अनैतिक उसे सार्वभौम करके पता करो कि वह अनन्‍त काल तक चल सकता है या नहीं। जुआ खेलना,चोरी करना, हिंसा और हत्‍या को यदि सभी लोग करने लगें तो क्‍या होगा। जुआ खेलने, चौेरी करने पर या हिंसा और हत्‍या पर यदि सभ्‍ाी लोग उतारू हो जायं तो दांव पर लगाने को, चोरी करने को कुछ बचेगा ही नहीं। सभी हिंसा और हत्‍या करने लगें तो अन्‍त में मनुष्‍यता का ही नाश हो जाएगा, हिंसा या हत्‍या करने को कोई बचेगा ही नहीं ।

जिन कामों को सार्वदेशिक और सार्वकालिक नहीं बनाया जा सकता वे अनैतिक हैं और जिन्‍हें सार्वदेशिक और सार्वकालिक बनाया जा सकता वे नैतिक हैं। झूठ अनैतिक है क्‍योंकि सभी झूठ बालने लगें तो बोलने का कोई अर्थ नहीं रह जाएगा। भाषा होते हुए भी हम गूंगों की जमात में बदल जाएंगे, परन्‍तु सच सभी सर्वत्र और सदा बोलते रहें तो यह चलता रहेगा। सभी आलसी और आरामतलब हो जायं तो कुछ पैदा ही न होगा, पर सभी अध्‍यवसायी हों, अपना काम करें, उत्‍पादन करेंं तो यह सर्वत्र और सदा जारी रह सकता है।

दर्शन तो अधिक पढ़ा न था पर बीए में दर्शन शास्‍त्र ले रखा था और तभी कांट के इन सिद्धान्‍तों का परिचय मिला, मेरे लिए उनकेे ये सिद्धान्‍त निर्देशक सिद्धांत बन गए। इनमें ही एक था, किसी का शोषण्‍ा करना और किसी के द्वारा शोषित होना दोनों अनैतिक हैं। इसके कारण मेरे बहुतों से संबंध्‍ा टूटे। मार्क्‍सवाद के प्रति मेरा आकर्षण यदि उसके एक दशक बाद हुआ तोे कांट के इस सिद्धान्‍त के कारण ही और आज भी कांट मुझे मार्क्‍स से बड़े दार्शनिक लगते हैं।

मेरे मार्क्‍सवादी मित्र कह सकते हैं कि मेरा नजरिया ही भाववादी है इसलिए भाववादी चिन्‍तक कांट मुझे पसन्‍द आता है जब कि मैंने अपनी व्‍याख्‍याओं में पाया कि मार्क्‍स से ले कर दूसरे मार्क्‍सवादी और उनमें भी भारतीय कम्‍युनिस्‍ट नितान्‍त भाववादी रहे हैं और आज भी हैं और यह भाववादिता इतनी प्रबल है कि मार्क्‍सवाद को आधुनिकतम सामी मजहब माना जा सकता है और यह सिद्ध किया जा सकता है कि सामी मजहबों से उसकी सहभागिता का एक कारण यह भी है । यह केवल मेरी समझ नहीं है, हाब्‍सबाम भी इसी नतीजे पर या इसके करीब पहुंचे थे पर दर्शन मजहब कब और क्‍यों बनता है इसकी समझ उनमें नहीं मिलती।

यह पहली बार मैंने रेखांकित किया कि दर्शन का काम विवेचना करना है, चेतना और विचार के स्‍तर पर समाज को बदलना है, चेतना और ज्ञान के स्‍तरों और रुझान की भिन्‍नता के कारण और शिक्षा और प्रचार साधनों की सीमाओं के कारण विचारों को, प्रबुद्ध स्‍तर से अशिक्षित समाज तक, पहुंचने में बहुत अधिक समय लगता है, फिर भी वह जो काम करता है वह किसी अन्‍य तरीके से संभव नहीं है।

कुछ इससे मिलती जुलती बात कलामाध्‍यमों और उनके द्वारा समाज को संवेदनात्‍मक स्‍तर पर बदलने के विषय में कहा जा सकता है। परन्‍तु जब दर्शन या विचार को अमल में लाने के लिए अभियान चलाया जाता है तो वह मजहब बन जाता है और उसमें मजहब की सारी विकृतियां – अन्‍धविश्‍वास, आस्‍था, पूजाभाव सभी विकार आ जाते हैं । ठीक इसी तरह कलाकार या साहित्‍यकार जब अपने माध्‍यम पर विश्‍वास खोकर हड़बड़ी में परिवर्तन के लिए दूसरे हथकंडे अपनाने लगता है, तो वह राजनीतिज्ञों का औजार बन जाता है, और उनकी अनेकानेक विकृतियां उसमें आ जाती हैं । यही कारण है कि मैं अपने नितांत प्रिय रचनाकारों द्वारा साहित्‍येतर हथकंडों काे अपनाने का आरंभ से विरोध करता आया हूूं और यह आशा करता रहा हूं कि वे मेरे हस्‍तक्षेप की प्रकृत‍ि को समझते हुए अपने तरीके पर पुनर्विचार करेंगे।

जो भी हो विचार के समय यह ध्‍यान रहना चाहिए कि इसका व्‍यापक या सार्विक प्रभाव क्‍या पड़ेगा।

सामाजिक प्रश्‍नों पर हमारा विचार आरंभ में ही तब दूषित हो जाता हैै जब हम इस चिन्‍ता में पड़ जाते हैं कि यह विचार अमुक को कैसा लगेगा, या अपने भीतर लंबे समय से जमे राग या द्वेष के कारण हम कुछ तथ्‍यों को छोड़ते और कुछ को अनुपात से अधिक बढाते हुए, अपने मन्‍तव्‍य पर पहुंचना चाहते हैं और जिनके मन में वह भाव नहीं है उनमें भी यह भाव पैदा करना चाहते है। कहें हमारे मनोभाव तथ्‍य, विचार और औचित्‍य को भी मनोभाव पैदा करने के उद्देेश्‍य से प्रेरित हाेेते हैैं, न कि विवेक या नई अन्‍तर्दृष्टि पैदा करने के आशय से।

परन्‍तु मेरी आज की त्रासदी यह है कि मैंने आरंभिक भूमिका उस कारण या कारणों की वस्‍तुपरक व्‍याख्‍या करने के लिए बनाई थी कि इस्‍लाम और ईसाइयत के प्रति इतनी सहिष्‍णुता बरतने वाला हमारा बौद्धिक वर्ग हिन्‍दू संवेदनाओं के प्रति इतना विद्वेषी क्‍यों हो गया कि वह इस अनुसंधान में अपना अधिकतम समय बर्वाद करता है कि हिन्‍दुओं में और कौन सी कमियां तलाशी जा सकती हैं या हिन्‍दुओं की भावनाओं को कितना आहत किया जा सकता है। उसकी यह घृणा ही है जो किसी भी संगठन के साथ हिन्‍दू शब्‍द जुड़ने के साथ उसे मिटाने और अपनी और देश की तबाही के विकल्‍प के बाद भी मिटाने को तत्‍पर हो जाता है जब कि उसका अकेला राजनीतिक आचरण सर्वजन हिताय सर्वजन लाभाय हो ।
इसके लिए जिन संवेदनशील या कहें अतिसंवेदी कोनों की पड़ताल करनी थी वह तो आज संभव नहीं लगता।
सावधान रहें भूमिका यदि पहले ही लिखने चले तो किताब धरी रह जाएगी ।

Post – 2016-12-31

इक बर‍हमन ने कहा है कि ये साल अच्‍छा है
फिर भी सलाह है कि:

कुछ कराे, ऐसा करो, तुम खुश रहो, हंसते रहो
पर न कुछ एेसा करो तुम पर सभी हंसने लगें

अौर इसका ध्‍यान उस प्रस्‍ताव को देख कर आया जिसमें पुरस्‍कार फेंक कर सरकार गिराने वालों को अपनी थकान के बाद ‘नोटबन्‍दी अभियान’ (यह नाम उनका ही दिया हुआ है, क्‍योंकि कहीं ऐसा प्रस्‍ताव नहीं है कि नोट छपेंगे नहीं, और आगे केवल नकदी विहीन लेन देन ही होगा, अपितु एक प्रयास है कि जिस अनुपात में नगदी से मुक्ति मिलेगी, उसी अनुपात में उन व्‍याधियों से मुक्ति मिलेगी जिनके कारण इस देश में भ्रष्‍टाचार का हाल यह है कि कोई तब तक अपना काम नहीं करता जब तक उसका हाथ ठंडा है। उसे गरम करने की जिम्‍मेदारी उसकी है जिसका काम रुका हुआ है, न्‍यायालय तक सालों साल इसलिए तकनीकी कारणों से मुकदमों को लटकाए रहते हैं कि न्‍यायाधीश की अपेक्षाएं पूरी नहीं होतीं या सताने वाले के द्वारा पूरी कर दी जाती हैं और इसलिए अनावश्‍यक स्‍थगनों से मुकदमें इस तरह लटके रह जाते हैं कि सजा की पूरी अवधि हिरासत में काटने के बाद अभियुक्‍त को बताया जाता है कि वह निरपराध था। इस प्रकिया में कितने लोग प्राण गंवाते हैं, कितने विक्षिप्‍त हो जाते हैं, कितने आत्‍महत्‍या कर लेते हैं, कितने न्‍याय पाने से पहले मर जाते हैं, इसका आंकड़ा न तो न्‍यायांग के पास है जो काम से लदा होने के बावजूद कार्यांग का काम संभालने को उतावला रहता है, परन्‍तु अपने फैसलों के लिए यह सीमा तय नहीं करता कि इतने समय के भीतर फैसला हो जाना चाहिए, या न्‍यायविचार के कर्मकांड को कम किया जाना चाहिए, जो फैसले सीधे आमने सामने बैठा कर एक बैठक में आधे घंटे में हो जाने चाहिए, उन पर अदालत के कर्मकांड और भ्रष्‍टता के कारण आठ दस साल का समय लग जाय। इसके बाद न्‍यायपालिका में इतने पद खाली पड़े हैं, का स्‍वत: समाधान हो जाता। कारण उनकी जरूरत ही नहीं थी।
विधायिका अपना काम नहीं कर रही, इसे संसद और विधान सभाओं और विधान परिषदों के प्रसारणों से सभी देख्‍ा रहे हैं या जान रहे हैं, परन्‍तु उसे कार्यपालिका के अधिकार चाहिए। इतने करोड़ का काम एक पार्षद कराएगा, इतने का विधायक, इतने का सांसद, जिसमें इबारत के नीचे खाली जगह का पाठ है कि इतने की हेराफेरी की छूट इन इन को दी जाती है। इतना ही नहीं, जनप्रतिनिधि स्‍थानीय कर्मचारियों और अधिकारियों से अपनी इच्‍छापूर्ति की आशा कर सकते हैं और उनकी उपेक्षा करने पर इसे सांसद की अवमानना का प्रश्‍न बनाया जा सकता है।
कार्यपालिका इतने लगामों के बीच अपना काम ही नहीं कर सकती और निकम्‍मेपन का दोष उस पर । पुलिस अपराधी को पकड़ेगी, पार्षद, विधायक या सांसद उसे छुड़ा देगा और फिर भी अपराध के अपकीर्तिमान पुलिस का।) नया अवसर नयी आशा का संचार कर रहा है, पततो पततो न वा की याद दिलाता।

कार्यपालिका में दंभ और श्‍ाक्ति के दुरुपयोग की शिकायत नई नहीं है। सत्‍ता का लाभ इसे ही मिलता है और बहुत पुराने समय में सुकनासोपदश में यह समझाया गया था कि सत्‍ता किस तरह सुलझे हुए आदमी को भी मदहोश कर देती है और इसलिए सत्‍ता में बैठे व्‍यक्ति को असाधारण आत्‍म नियंत्रण काम लेना चाहिए, परन्‍तु उस सत्‍ता को नियंन्त्रित करने वाले अंग, न्‍यायांग और विधानांग यदि स्‍वयं भी सत्‍ता बनने का प्रयत्‍न करें तो अन्‍धा अन्‍धे ठेलियां दोऊ कूप पड़न्‍त का न्‍याय काम करता है ।

किसी देश या समाज में दुर्भाग्‍य का दौर वह होता है जिसमें लोग अपना कामन न करके दूसरों का नुक्‍स निकालने और उनका काम खुद करने को विह्वल रहते हैं। बात केवल ऊपर वर्णित अंगों की नहीं है । उनका उदाहरण इसलिए देना पड़ा कि वहां कार्यविभाजन बहुत स्‍पष्‍ट है और इस खतरे का पूर्वानुमान करते हुए है कि विभाजन के बिना घालमेल का दौर आ सकता है और इससे अराजकता पैदा हो सकती है, मर्यादाएं तय की गई थीं जिन्‍हें लगातार तोड़ा गया है।

साहित्‍यकार का काम आन्‍दोलन करना, सत्‍ता बदलना, सत्‍ता पर कब्‍जा करना नहीं है। य‍दि वह समझता है कि इसकी जरूरत है तो उसका काम अपने लेखन द्वारा समाज को प्रेरित करना है। वह आन्‍दोलन नहीं करता, उद्वेलित करता है अपनी रचनाओं के माध्‍यम से कि लोग आन्‍दोलन करके उस अपेक्षा की पूर्ति कर सकें। लगातार नकारात्‍मक रुख अपनाने के कारण अपनी साख और विश्‍वसनीयता तक खो चुका, और उस समाज से इस कटा हुआ साहित्‍यकार ‘हम गंवारों से अधिक सयाने हैं इसलिए हमारी बात तो माननी ही पड़ेगी’ की बदगुमानी पालता हुआ उस जनता के दुख से व्‍यथित है जो अपनी व्‍यथा को झेलते हुए अपना धैर्य और विश्‍वास कायम किए हुए है और उसे भडकाने के लिए जो संचार माध्‍यम उसके दुख से कातर हो कर उसके पास पहुंंचे उनको अपना दुख बताने के साथ ही अपने विश्‍वास और अडिगता का प्रमाण देते हुए उनको उनकी औकात बताती रही है।

लेखक हों या संचार माध्‍यम सभी की शक्ति का स्रोत जनसाधारण है और जब आप अपना काम ईमानदारी से करते हैं तो उस ईमानदारी और समझ के अनुरूप ही आप उसमें अपनी पैठ बना पाते है । अपनी कला, प्रतिभा, या साधनों और माध्‍यमों पर अधिकार से यदि कोई सोचे कि उसका माेल अधिक और इसलिए उसके विचार बाध्‍यकर है तो वह अपने को हास्‍यास्‍पद बनाता है और अपनी बिरादरी का सम्‍मान भी घटाता है। काश लेखक यह जान पाते कि क्‍या उनके बूते का है, क्‍या नहीं, तो भी अपनी ऊर्जा काे बर्वाद होने और अपनी क्षरित हो रही प्रतिष्‍ठा को और क्षरित होने से बचा पाते। परन्‍तु यहां तो लगता है होड़ लगी है, कहीं इतिहास में दर्ज होने से छूट न जायें इसलिए ‘हमको भी साथ ले ले की।’

यदि उनके सपनों के अच्‍छे दिनों की वापसी इस योजना की विफलता से ही आ रही हो तो हम उनकी सफलता की कामना करते है।’लोग कहते हैं कि लेखक चीज क्‍या, करके दिखलाएंगे हम बतलाएं क्‍या।’ सुभान अल्‍लाह ।

Post – 2016-12-31

इक बर‍हमन ने कहा है कि ये साल अच्‍छा है
फिर भी सलाह है कि

कुछ कराे, ऐसा करो, तुम खुश रहो, हंसते रहो
पर न कुछ एेसा करो तुम पर सभी हंसने लगें
जो करो यह सोचलसे वह है तुम्‍हारा काम भी
मुंह के बल तुम खुद गिरो सब फब्तियां कसने लगें।

अौर इसका ध्‍यान उस प्रस्‍ताव को देख कर आया जिसमें पुरस्‍कार फेंक कर सरकार गिराने वालों को अपनी थकान के बाद ‘नोटबन्‍दी अभियान’ (यह नाम उनका ही दिया हुआ है, क्‍योंकि कहीं ऐसा प्रस्‍ताव नहीं है कि नोट छपेंगे नहीं, और आगे केवल नकदी विहीन लेन देन ही होगा, अपितु एक प्रयास है कि जिस अनुपात में नगदी से मुक्ति मिलेगी, उसी अनुपात में उन व्‍याधियों से मुक्ति मिलेगी जिनके कारण इस देश में भ्रष्‍टाचार का हाल यह है कि कोई तब तक अपना काम नहीं करता जब तक उसका हाथ ठंडा है। उसे गरम करने की जिम्‍मेदारी उसकी है जिसका काम रुका हुआ है, न्‍यायालय तक सालों साल इसलिए तकनीकी कारणों से मुकदमों को लटकाए रहते हैं कि न्‍यायाधीश की अपेक्षाएं पूरी नहीं होतीं या सताने वाले के द्वारा पूरी कर दी जाती हैं और इसलिए अनावश्‍यक स्‍थगनों से मुकदमें इस तरह लटके रह जाते हैं कि सजा की पूरी उम्र हिरासत में काटने के बाद अभियुक्‍त को बताया जाता है कि वह निरपराध था। इस प्रकिया में कितने लोग प्राण गंवाते हैं, कितने विक्षिप्‍त हो जाते हैं, कितने आत्‍महत्‍या कर लेते हैं, कितने न्‍याय पाने से पहले मर जाते हैं, इसका न आंकड़ा न तो न्‍यायांग के पास है जो काम से लदा होने के बावजूद कार्यांग का काम संभालने को उतावला रहता है, परन्‍तु अपने फैसलों के लिए यह सीमा तय नहीं करता कि इतने समय के भीतर फैसला हो जाना चाहिए, या न्‍यायविचार के कर्मकांड को कम किया जाना चाहिए, जो फैसले सीधे आमने सामने बैठा कर एक बैठक में आधे घंटे में हो जाने चाहिए उन पर अदालत के कर्मकांड और भ्रष्‍टता के कारण आठ दस साल का समय लग जाय। इसके बाद न्‍यायपालिका में इतने पद खाली पड़े हैं, का स्‍वत: समाधान हो जाता। कारण उनकी जरूरत ही नहीं थी।
विधायिका अपना काम नहीं कर रही, इसे पूरा देश संसद और विधान सभाओं और विधान परिषदों के प्रसारणों से सभी देख्‍ा रहे हैं या जान रहे हैं, परन्‍तु उसे कार्यपालिका के अधिकार चाहिए। इतने करोड़ का काम एक पार्षद कराएगा, इतने का विधायक, इतने का सांसद, जिसमें इबारत के नीचे खाली जगह का पाठ है कि इतने की हेराफेरी की छूट इन इन को दी जाती है। पर इतना ही नहीं, जनप्रतिनिधि स्‍थानीय कर्मचारियों और अधिकारियों से अपनी इच्‍छापूर्ति की आशा कर सकते हैं और उनकी उपेक्षा करने पर इसे सांसद की अवमानना का प्रश्‍न बनाया जा सकता है।
कार्यपालिका इतने लगामों के बीच अपना काम ही नहीं कर सकती और निकम्‍मेपन का दोष उस पर । पुलिस अपराधी को पकड़ेगी, पार्षद, विधायम या सांसद उसे छुड़ा देगी और फिर भी अपराध के अपकीर्तिमान पुलिस का।

कार्यपालिका में दंभ और श्‍ाक्ति के दुरुपयोग की शिकायत नई नहीं है। सत्‍ता का लाभ इसे ही मिलता है और बहुत पुराने समय में सुकनासोपदश में यह समझाया गया था कि सत्‍ता किस तरह सुलझे हुए आदमी को भी मदहोश कर देती है और इसलिए सत्‍ता में बैठे व्‍यक्ति को असाधारण से नियंत्रण काम लेना चाहिए, परन्‍तु उस सत्‍ता को नियंन्त्रित करने वाले अंग, न्‍यायांग और विधानांग यदि स्‍वयं भी सत्‍ता बनने का प्रयत्‍न करें तो अन्‍धा अन्‍धे ठेलियां दोऊ कूप पडन्‍त का न्‍याय काम करता है ।

किसी देश या समाज में दुर्भाग्‍य का दौर वह होता है जिसमें लोग अपना कामन न करके दूसरों का नुक्‍स निकालने और उनका काम खुद करने को विह्वल रहते हैं। बात केवल ऊपर वर्णित अंगों की नहीं है । उनका उदाहरण इसलिए देना पड़ा कि वहां कार्यविभाजन बहुत स्‍पष्‍ट है और इस खतरे का पूर्वानुमान करते हुए है कि विभाजन के बिना घालमेल का दौर आ सकता है और इससे अराजकता पैदा हो सकती है।
साहित्‍यकार का काम आन्‍दोलन करना, सत्‍ता बदलना, सत्‍ता पर कब्‍जा करना नहीं है। य‍दि वह समझता है कि इसकी जरूरत है तो उसका काम अपने लेखन द्वारा समाज को प्रेरित करना है। वह आन्‍दोलन नहीं करता, उद्वेलित करता है अपनी रचनाओं के माध्‍यम से कि लोग आन्‍दोलन करके उस अपेक्षा की पूर्ति कर सकें। लगातार नकारात्‍मक रुख अपनाने के कारण अपनी साख और विश्‍वसनीयता तक खो चुका, और उस समाज से कटा हुआ साहित्‍यकार ‘हम गंवारों से अधिक सयाने हैं इसलिए हमारी बात तो माननी ही पड़ेगी’ की बदगुमानी पालता हुआ उस जनता के दुख से व्‍यथित है जो अपनी व्‍यथा को झेलते हुए अपना धैर्य और विश्‍वास कायम किए हुए है और उसे भडकाने के लिए जो संचार माध्‍यम उसके दुख से कातर हो कर उसके पास पहुंंचे उनको अपना दुख बताने के साथ ही अपने विश्‍वास और अडिगता का प्रमाण देते हुए उनको उनकी औकात बताती रही है।

लेखक हों या संचार माध्‍यम सभी की शक्ति का स्रोत जनसाधारण है और जब आप अपना काम ईमानदारी से करते हैं तो उस ईमानदारी और समझ के अनुरूप ही आप उसमें अपनी पैठ बना पाते है । अपनी कला, प्रतिभा, या साधनों और माध्‍यमों पर अधिकार से यदि वह सोचे कि उसका माेल अधिक और इसलिए बाध्‍यकर है तो वह अपने को हास्‍यास्‍पद बनाता है और अपनी बिरादरी का सम्‍मान भी घटाता है। काश लेखक यह जान पाते कि क्‍या उनके बूते का है, क्‍या नहीं तो भी अपनी ऊर्जा काे बर्वाद होने और अपनी क्षरित हो रही प्रतिष्‍ठा को और क्षरित होने से बचा पाते। परन्‍तु यहां तो लगता है होड़ लगी है, कहीं इतिहास में दर्ज होने से छूट न जायें इसलिए ‘हमको भी साथ ले ले की।’

यदि उनके सपनों के अच्‍छे दिनों की वापसी इस योजना की विफलता से ही आ रही हो तो हम उनकी सफलता की कामना करते है। ‘लोग कहते हैं कि लेखक चीज क्‍या, करके दिखलाएंगे हम बतलाएं क्‍या।’ सुभान अल्‍लाह।

Post – 2016-12-30

मुसाफिर जायेगा कहां

इस्‍लाम के नाम पर या उसकी आड़ में अपनी जमात को भड़काने, उन्‍हें भारत की लूट से मालामाल होने और अगर मर ही गए तो गाजी बनने के सौभाग्‍य से प्रेर‍ित कर के प्राणों पर खेलने वालेे हमलावरों को छोड़ दें जो बाद में भी अपना रिश्‍ता अपने देश से जोड़ने और भारत में बस जाने के बाद भी अपने को अजनवी अनुभव करते थे, हिन्‍दुस्‍तान में हिन्‍दुओं और मुसलमानों के संबंध कभी द्वेषपूर्ण नहीं रहे क्‍योंकि वे अधिसंख्‍य मुसलमान भारतीय रक्‍त के थे और धर्मान्‍तरित होने के बाद भी अपनी पुरानी पहचान से जुड़े हुए थे। इसके कई नमूने पेश किए जा सकते हैं परन्‍तु उन्‍हें सुनने का समय आपको नहीं होगा।

इन कारणों से मैं उस नव्‍य पुराण पर विश्‍वास नहीं कर पाता कि वर्णव्‍यवस्‍था से तंग आकर दलित जातियों ने इस्‍लाम के मानवतावादी संदेश से आकर्षित हो कर इस्‍लाम कबूल किया।

यदि ऐसा था तो वे सभी जातियां जो हिन्‍दू समाज में दलित श्रेणी में आती है, वे इस्‍लाम कबूल कर चुकी हाेेतीं – धोबी, चमार, निषाद आदि- या इस्‍लाम कबूल करने वालों में दलितों जैसे पेशों के लोग बड़ी संख्‍या में पाए जाते, (क्‍योंकि इस्‍लाम ने ईसाइयों की तरह आर्थिक प्रलोभन दे कर किसी का न तो धर्मान्‍तरण किया न ही उनके पुराने पेशों से उन्‍हें बाहर लाने का प्रयत्‍न किया। मुसलमान हो गया, काम पूरा हो गया )।

ऐसा नहीं है, इसलिए इसका कोइ दूसरा कारण तलाशना होगा। वे लोग जिनकेे व्‍यवसाय, कारोबार का सीधा संबन्‍ध राज्‍य या प्रशासन से था वेे प्रकोप से बचने के लिए या तो धर्मान्‍तरित हो गए अथवा यह दिखाते रहे कि वे इस्‍लामपरस्‍त है। जिनके पास अपनी लागत का कोई माल हो सकता था जिसे लूटा जा सकता था, वे उसी तरह धर्मान्‍तरित हो गए जैसे जजिया या दूसरे दबावों में आने वाले हाेे गए या राजस्‍व के भुगतान में चूक होने पर दंडस्‍वरूप गोमांस खिलाए जाने से अपने को धर्मभ्रष्‍ट मान कर अपनोंं का धर्म बचा

ने के लिए स्‍वयं अलग रहने और विवशता में इस्लामी तर्ज अपनाने को बाध्‍य हुए। धर्मान्‍तरित हुए जुलाहे, पीलवान जो राजाओं की सेवा में रहते थे। नट जिन्‍होंने अपनी सामाजिक व्‍यवस्‍था भी नहीं बदली, मातृृसत्‍ताक ही रहे । इनकी प्रमुख भूूमिका दुर्ग भेद की थी। ये बांस के पांव लगा कर दुर्गप्राचीरों की ऊचाई को हेय बना सकते थे, रस्‍से पर चलते हुए दुर्ग की परिखा या नहर को पार कर सकते थ, अौर नृृत्‍य, अभिनय, गायन की परंंपरा से परंपरागत से जुड़े थे जिनको आश्रयदाताओं की अपेक्षा होती है, इसलिए ये मुसलमान तो बन गए पर अपनी रीति नीति निभाते रहे।

सबसे रोचक है बुनकरों या जुलाहों का दोफांस जिसके सबसे प्रखर प्रवक्‍ता कबीर हैं। वह मुसलमान हैं और वेदान्‍ती भाषा में अपने विचार प्रकट करते हैं। इस तथ्‍य को दुहराने की जरूरत है कि य‍दि वर्णव्‍यवस्‍था के सताए हुए लोगों ने इस्‍लाम कबूल किया होता तो उन पेशों से जुड़े मुसलमानाेे की संख्‍या हिन्‍दुओं से कम से कम आनुपातिक गणना में अधिक होती । ऐसा नहीं हैै । इसलिए सूफियों के प्रेमजाल में बधंकर उनका प्रसाद ग्रहण करने के अपराध के कारण वहिष्‍कृत जनों को छोड़़ कर शेष भारतीय जनों का धर्मान्‍तरण विवशत में हुअ था इसलिए भारतीय मूल के मुसलमानाें का हृदय हिन्‍दू मूल्‍यों, मानों और रीति रिवाजों के साथ था। इसकी अगली विवशता यह कि वे जानते थे कि हिन्‍दुूू समाज उनको अपना नहीं सकता था इसलिए वे मुसलमान वन कर रहने को बाध्‍य थे। इससे उनके मन में कोई मलिनता नहीं थी यह रीति का प्रश्‍न था जिसका वे स्‍वयं भी सम्‍मान करते थे इसलिए हिन्‍दुओं से उनका आन्‍तरिक विरोध न था।

मैंने इस ओर ध्‍यान दो कारणों से दिलाया है । एक यह प्रचार कि इस्‍लाम साम्‍यवादी था इसलिए विषमता के सताए लोगों ने इसका वरण किया, जांचने पर सही नहीं मिलता। सच को जानना ही अपनी समस्‍याओं से बाहर आने की संभावना पैदा करता है।

दूसरा यह कि मुस्लिम शासन काल में भी इन विविध कारणों से सामाजिक स्‍तर पर मुसलमानों से हमारे रिश्‍ते खराब नहीं थे । आपस में प्रेम भाव था। एक का काम दूसरे के बिना नहीं चल सकता था और कुछ मामलों में आज की सचाई इससे भिन्‍न नहीं है। इसलिए धार्मिक भिन्‍नता तो थी, परन्‍तु विद्वेष न था। यहां तक कि रईसों और ताल्‍लुकेदाराेें में जो अपनी पहचान उन इस्‍लामी देशोेे से जोड़ते थे जो पहले ही इस्‍लाम कबूल कर चुके थे और इस पर गर्व करते थे – कहां बुखारा और उस पर फख्र करने वाले बुखारी, कहांं बख्‍तर (बैक्ट्रिया) और कहां बख्‍तरी, ईरानी, खान और मीर और अमीर कुछ पूछिए नहीं । दि अर्लियर दि बेटर। पर भारतीय वर्णव्‍यवस्‍था का लाभ किन्‍हीं परिस्थितियों में धमातरित ऊंची जातियों के हिन्‍दूओं को भी मिला । वे खान और राणा या दूसरे हिन्‍दू उपनामों में मामूली हेर फेर करके अपनी पुरनाी हैसियत का वैसे ही गरूर पाले रहे जैसे विदेशी मूल से अपना संबन्‍ध जोड़ने वाले।इसके कारण विदेशी मूल का दावा करने वाले जमींदारों और उच्‍च वर्णों से धर्मान्‍तरित हिन्‍दुओं के बीच भी पारस्‍परिक लेेन देन उस दौर में भी बना रहा जब धार्मिक कट्टरता और प्रशासनिक दबाव में हिन्‍दुओं का सम्‍मान से जीना मुश्किल था।
दोनों समुदायों के बीच भीतरी मनोमालिन्‍य और घृणा का सूत्रपात कंपनी शासन के बाद, उसकी अपनी चालों से आरंभ हुआ और इसे बहुत चालाकी से अमल में लाया गया। इसकी पड़ताल हम कल करेंगे। यदि हम अपनी उक्‍त व्‍याख्‍या में कहीं एकांगी या गलत हैं तो इसकी पड़ताल आप करेंगे क्‍योंकि मैं सही हूं नहीं, सही होना चाहता हूं। हो सकता है हमारे विचारों से आपकी भी कुछ भ्रान्तियां दूर हों। वादे वादे जायते तत्‍वबोध: । हमने तो संवाद ही बन्‍द कर रखा है, तत्‍वबोध कैसे होगा।

Post – 2016-12-29

अपना अपना इतिहास – 2

इतिहास की हमारी समझ अनन्‍तता से जुड़ी थी जिसमें मनुष्‍य का जीवन नगण्‍य था, समाज के अनुभव प्रधान थे और विचारों काेे वैभव और शक्ति प्रदर्शन से अधिक महत्‍व दिया जाता था। मनुष्‍य के एक वर्ष के बराबर देवों का एक दिन, हजार वर्षों के बराबर देवताओं का एक वर्ष। सौ देववर्षों का उनका जीवन। इस विराट काल और शक्ति और वैभव की तुच्‍छता का बोध उस कहानी में जिसमें चींटियों की पंक्ति को देख कर तत्‍व दर्शी कहता है ये सभी कभी इन्‍द्र रह चुके हैं। इसमें मनुष्‍य के कारनामों का क्‍या गुणगान । धर्म, आचरण, विचार स्‍थायी हैं और धन, वैभव, प्रताप क्षणभंगुर। यह सही था या गलत, था यही। इससे देवोपम राजाओं के जीवन को भी देववर्ष मान कर उसे पुन: मानववर्ष में बदल कर जब वे कहते हैं अमुक राजा साठ हजार साल तक जीवित रहे तो इससे न तो उस इतिहास का पता चलता है जिसे कालबद्ध इतिहास कहते हैं, न ही कालबद्ध इतिहासबोध उस गहनता और महिमा को समझ पाता है जो हमारे अतीतबोध में रहा है।

एक और तथ्‍य की ओर ध्‍यान दिलाएं, मनुष्‍य के जीवन को इतिहास से न तो प्रेरणा मिली, न ही इतिहास से मनुष्‍य कुछ सीख सका है। मनुष्‍य के जीवन को प्रेरित और नियन्त्रित करने का काम पुराणकथाएं करती हैं। यह सभी पन्‍थों और विचारधाराओं के लिए सही है, इसलिए विचारधाराएं अपना अलग पुराण गढ़ लिया करती हैं जिससे उससे जुड़े या प्रभावित लोगों को बांध कर रखने में मदद मिलती है।

कालांकित घटनावृत्‍त जिसे हम इतिहास कहते हैं, उससे हमारे शिक्षित समाज का परिचय उस समय हुआ जब उसका उपहास करने और नष्‍ट करने का आयोजन इ‍सलिए किया जा रहा था कि इसके समक्ष पश्चिम का नस्‍लवादी और सनातन श्रेष्‍ठताबोध चूर चूर हो जाता था। इतिहास हमारे यहां अहमहमिका औजार बन कर आया और इसने सामाजिक जीवन को उससे अधिक विषाक्‍त किया जितना वह अपनी आन्‍तरिक व्‍यवस्‍था, कुरीतियों और अन्‍धविश्‍वासों के कारण इससे पहले था। इसका उपयोग उन लोगों ने जो भारत की खोज कर रहे थे – इसकी खनिज संपदा का, इसके प्राकृतिक उत्‍पादों का, इसकी प्रतिरोध क्षमता का, इसकी प्रेरणा के स्रोतों का – यदि अपने हितों के लिए किया तो इससे अलग वे कुछ कर ही नहीं सकते थे। हम इस विषय में सचेत नहीं हुए आैर उनकी इन खोजों के इरादे को नहीं समझ सके तो यह इस बात का प्रमाण है कि जिस समय हमारा पश्चिम से आमना-साहना हुआ हम सभी दृष्टियों से उनसे बहुत पीछे जा चुके थे और उनका सामना करने की स्थिति में नहीं थे।

स्‍वतन्‍त्र होने पर भी हमने उनके ही इतिहासदर्शन का अनुसरण किया और आलंक‍ारिक असहमति प्रकट की, बुनियादी प्रश्‍नों पर उनके ही जाल में फंसे रहेे, यह दुर्भाग्‍यपूर्ण था, परन्‍तु इससे अधिक दुर्भाग्‍यपूर्ण यह तथ्‍य था कि भिन्न कारणों, प्रलोभनों और आग्रहों से जब उनके रचे हुए मायाजाल को तोड़ने वाली, तर्कपूर्ण, प्रामाणिक और मुक्तिदायिनी व्‍याख्‍यायें आई तो उन्‍हें समझने की जगह उनका विरोध करते हुए उसी बौद्धिक दासता को इतना श्‍लाघ्‍य बना दिया गया कि मुक्ति की आकांक्षा तक गर्हित प्रतीत होती है।

हम इस क्रम में उस ग्रन्थि केे निर्माण की प्रक्रिया को समझना चाहते हैं जिसमें हिन्‍दू अभिज्ञान को ही इतना गर्हित बना दिया गया कि इसके सिवाय कुछ भी, स्‍वीकार्य है, यह नहींं। भाजपा शासन न तो अपने राज्‍यों में किसी अन्‍य दल के प्रशासन से गया बीता रहा है, न केन्‍द्र में जब भी उसे शासन का अवसर मिला तब उसने किसी वर्ग, समुदाय, और समग्र राष्‍ट्र के हित की दृष्टि से किसी भी अन्‍य के किसी भी काल के शासन से घटिया परिणाम नहीं दिए, फिर भी यदि उसके सिवाय कोई भी, कैसा भी, भ्रष्‍ट, दुष्‍ट, गुंडा और लफंगा शासन भी हमें स्‍वीकार्य है, परन्‍तु यह नहीं, जिसके साथ किसी भी रूप में हिन्‍दू शब्‍द जुड़ गया है। हम अपना सत्‍यानाश करा सकते हैं, आततायियों के साथ खड़े हो सकते हैं, इसे मिटाने के लिए शत्रु देशों तक की मदद ले और उसकी योजना का अंग बन सकते हैं, परन्‍तु इसे सहन नहीं कर सकते, यह किसकी सोच हो सकती है? देश और समाज का बुरा होता हो तो हो, हम इसके हाथों उसका भला होते नहीं देख सकते। यह किसकी सोच हो सकती है? जरा गौर से सोचें तो इस देश पर वोट बैंक बन कर प्राक्‍सी शासन किसका चलता रहा है तो आपको मेरे उन कथनों का कि कम्‍युनिस्‍ट पार्टियां और कांग्रेेस ही नहीं, वे पार्टियां भी जो सर्वजनहिताय, सर्वजनलाभाय को सेक्‍युलर प्रशासन का लक्ष्‍य मानती हैं और इस आदर्श का पालन करने को तत्‍पर एकमात्र दल का विरोध करते हुए ‘स्‍वहिताय, स्‍वलाभाय, वंशलाभाय संस्थिता, देशद्राेहाय, नाशाय, विघ्‍ाटनाय समुद्यता’ पार्टियों के साथ पूरा वाचाल वर्ग खड़ा हो जाता है तो उन सभी की भर्त्‍सना करने की जगह इसके कारण को समझना होगा कि हिन्‍दू शब्‍द को इतना गर्हित और असह्य कैसे बना दिया गया कि वे नरक में जाने को तैयार हो सकते हैं, परन्‍तु हिन्‍दू उपपद से जुडे़ किसी संगठन या दल या प्रशासन द्वारा तैयार किए जाने वाले या किए गए स्‍वर्ग में रहने को तैयार नहीं हैं और उस स्‍वर्ग की व्‍याख्‍या अपने ब्रेनपावर से ऐसी कर सकते हैं कि वह नरक का पर्याय लगे।

वजह तो कुछ न कुछ रही होगी, यूं ही कोई बेवफा तो नहीं होता। इतिहास की भूमिका बस यहीं तक सीमित है, कि यह इस वजह को समझने में सहायक हो सकता है, परन्‍तु तभी जब हम अपने इच्छित नतीजों के लिए अपनी अपव्‍याख्‍या से इसका ही सत्‍यानाश न कर दें।

अंग्रेजाेें को एक ही चिन्‍ता थी कि अपनी मूल भूमि से इतनी दूर इतने कम लोगों के बल पर इतने बड़े देश का नियन्‍त्रण कैसे किया जा सकता है । इस चिन्‍ता को बहुत सटीक रूप में मेकाले ने व्‍यक्‍त किया था। इसका एक ही तरीका था कि भारतीयों को प्रशासन में हिस्‍सेदार बनाया जाये। इतनी बड़ी संख्‍या में अंग्रेज लाये नहीं जा सकते न यहां बसाये जा सकते हैं, जहां वे अल्‍पमत बन कर रहेंगे, इसलिए अच्‍छा है कि भारतीयाेें को ही अंग्रेजी संस्‍थाओं, विचारों से परियच का अवसर दिया जाय, उन्‍हें ही अपनी भाषा सिखा कर अपने उपयोग के लिए तैयार किया जाय। और यहां से आरंभ हुई थी अंग्रेजी शिक्षा और उसके माध्‍यम से अवसरों की तलाश और उस प्रक्रिया में उन विचारों और विश्‍वासों को अपनी चेतना का अंग बनाना जो अपव्‍याख्‍या से हमारे उपभोग के लिए तैयार की गई थीं।

मैकाले का बहुत उपहास किया जाता है परन्‍तु मेरे मन में उसके प्रति बहुत सम्‍मान हैै – दो बातो के कारण। पहला यह कि उसने कहा था कि हमारी संस्‍थाओं से परिचित होने के बाद हो सकता है कि कभी वे हमसे स्‍वतन्‍त्र होने का प्रयत्‍न करें। यदि वे ऐसा करेंगे तो यह हमारे लिए गौरव की बात होगी । दूसरेे इसलिए कि उसने अपने शासन को स्‍थायी बनाने के लिए मिल के हथकंडों का समर्थन नहीं किया, बल्कि वह मिल के आलोचकों में था।

हम ऐंंटी सेमिटिज्‍म को जानते हैं, यह भी जानते हैं कि यह गलत था, यह जानते हैं कि आबादी के अनुपात में दर्शन, विज्ञान और पश्चिम के उत्‍थान में जितना योगदान यहूदियों का रहा है, उतना यूरोप के गोरों का नहीं, फिर भी केवल जर्मनी में ही नहीं, केवल बीसवीं शताब्‍दी में ही नहीं, पूरे यूरोप में और यहां तक कि सोवियत संघ में भी यहूदियों काे जघन्‍यतम माना जाता था और अपनी कूटनीतिक जरूरताेेें से अमेरिका भले यहूदियों का साथ दे, परन्‍तु अकेरिका भी छद्म रूप से उस मनोवृत्ति से बाहर नहीं आ सका है । मैं चकित हो कर सोचता हूं कि ऐसा क्‍यों हुआ, इतने बड़े पैमाने पर क्‍यों हुआ, यहूदियों के पक्ष में इतने तर्क होते हुए क्‍यों हुआ, तो इसका एक ही उत्‍तर मिलता है कि दुुष्‍प्रचार से कुछ भी किया जा सकता है। ईसा यहूदी थे। उनके अनुयायी यहूदी थे। र्इसा और क्रिस्‍ट या क्राइस्‍ट ईश और कृष्‍ण से आैर उनके जन्‍म से जुड़े पुुराण से पूर्व के बुद्धिमान मागियों का जो भी संबंध हो, इस पर और खोज होनी चाहिए, पर एक बार क्राइस्‍ट का अनुयायी बन चुके यहूदी भी क्रिश्चियन ही हुए न कि यहूदी रह गए। उन्‍होंने लोभ वश यदि रोमन राज्‍य के लिए संकट पैदा करने वाले क्राइस्‍ट के साथ विश्‍वासघात किया तो यह ईसाइयों का ईसा के साथ विश्‍वासघात था, परन्‍तु इसे ईसा के विरुद्ध यहूदियों के विश्‍वासघात के रूप में ईसाइयों द्वारा प्रचारित करते हुए इतना घृृणित बना कर दुहराया जाता रहा और पूरे ईसाई जगत में इतनी घृणा पैदा कर दी गई कि यहूदियों को दो हजार साल तक यहूदीद्रोह का शिकार होना पड़ा। यह भारत में भी बना हुआ है, इसलिए इस्राइल से किसी तरह का संपर्क क्षोभ पैदा करता है।

यह हमें इस रहस्‍य को समझने में भी सहायक हो सकता है कि हिन्‍दू शब्‍द और मूल्‍यव्‍यवस्‍था के प्रति वितृष्‍णा पैदा करने, उसके अहित को देश, समाज और मानवता का हित मान कर प्रचार करने वाले कौन थे और उनकी आकांक्षाओं को किसने किन कारणों से इस तरह आत्‍मसात् कर लिया कि हिन्‍दू शब्‍द ही जघन्‍यतम प्रतीत होने लगा और भाजपा को भी उसी का दंड भोगना पड़ रहा है। इसे आज तो समझाया नहीं जा सकता। कल की प्रतीक्षा करें ।

Post – 2016-12-29

पूर्वानुमान

नोटबन्‍दी के अनुभव अपेक्षा से कुछ घट कर रहे और इसकी समस्‍यायें मुख्‍यत: उन अपराधियों के कारण पैदा हुई जिसका पूर्वानुमान कोई कर नहीं सकता था। इससे एक माह पहले 2 अक्‍तूबर की अपनी पोस्‍ट में मैंने लिखा था :

”यदि आप बहुत ध्यान से देखें तो मोदी ने एक महान और दूसरों के लिए अकल्पनीय लक्ष्य को हासिल करने का संकल्प लिया है। बहुतों को तो स्वच्छता का अर्थ भी समझ में नहीं आया। यह था मलिनता और कलुषता के सभी रूपों से मुक्ति। जिसे सभी देख सकते हैं, उससे आरंभ करके नैतिक, भौतिक और सांस्कृतिक सभी तरह के कल्मषों से मुक्ति की महायात्रा का आरंभ किया और मैं हैरान रह गया इस व्यक्ति के साहस पर। हैरान इस बात पर भी कि मेरा बचपन किसी अन्य व्यक्ति में कैसे बचा रह गया है। मेरे बचपन का सार सूत्र था, जो हो सकता है परन्तु किसी ने नहीं किया वह मैं करूंगा। कई उदाहरण हैं और कई बेवकूफियां। कभी अपनी कथा लिखने की नौबत आई तो गिनाऊंगा। एक तो ऐसा जिसमें मैं अपनी आंखों की रोशनी गंवाते गंवाते रह गया। उनकी चर्चा में समय नष्ट होगा। मैं अपने बचपन से बाहर नहीं निकल पाया। आज भी सोचता हूं जिसे कहने का साहस किसी कारण से, किसी दूसरे में नहीं बचा है, उसे मैं कहूंगा। मेरा पूरा लेखन एक वाक्य में यही तो है।”

जब दूसरे लोग केवल इसकी कमियां गिनाने और लोगों को भड़काने पर अपनी ऊर्जा व्‍यय कर रहे हैं, भारतीय जन के साथ मेरे विश्‍वास और धैर्य का यही कारण है।

Post – 2016-12-28

अपना अपना इतिहास

”शास्‍त्री जी इतिहास के पीछे ही इतिहास नहीं है, सबका अपना इतिहास है और उन इतिहासों के पीछे भी इतिहास है इसलिए वे अपने अपने इतिहास के अनुसार अपने को सही मानते और उससे भिन्‍न राय रखने वालों को गलत मानते हैं। इतना ही नहीं, दूसरो का इतिहास उन्‍हें डरावना लगता है और समाज के हित में और विश्‍व मानवता के हित में वे इ‍तिहास की अपनी समझ को सर्वमान्‍य बनाना चाहते हैं । इससे आप भी मुक्‍त नहीं हैं, जिनका इतिहासबोध मुस्लिम लीग के इतिहासबोध की प्रतिक्रिया में विकसित हुआ और मध्‍यकाल से पीछे नहीं जा सका, युुद्ध के मैदान से उसकी महिमा निर्धारित होती रही जैसे उनकी। और वेे तो अपवाद हो ही नहीं सकते जो इतिहास काेे नकारते हुए उसे अपनी इच्‍छा के अनुसार गढ़ते रहे और गढ़ने की बुनियादी योग्‍यता, स्रोत साहित्‍य की भाषा पर अधिकार से बचने के कारण, गढ़ने की अपनी समझ से उचक्‍कों की तरह हथौड़े मार कर सांस्‍कृतिक निर्मितियों को तोड़ते और अपने मनमाने ढंग से जोड़ते हुए इतिहास का विद्रूप प्रस्‍तुत करते हुए उन खतरों से देश और संसार को बचाने के लिए प्रयत्‍नशील रहे जिनको अपने ही रचे इतिहास की विनाशकारी परिणतियों की ओर ले जाने वाला मानते थे।

”यह सच है कि देश के विभाजन का उन्‍होंने समर्थन ही नहीं किया था, अपितु विभाजन के बाद हो रही नृशंस हत्‍याओं पर वे तालियां बजा रहे थे, यह हम पहले प्रमाणों के साथ दिखा आए हैं। अभी तक किसी ने न तो यह दावा किया कि वे प्रमाण गलत थे, न यह बचाव किया कि उनसे ऐसा नहीं हुआ था। परन्‍तु पाकिस्‍तान बनने के बाद पाकिस्‍तान की दुर्गति और हिन्‍दू द्रोह को देख कर उन्‍हें यह डर था कि यदि भारत में भी हिन्‍दुुत्‍ववादी विचारधारा पनपी और सत्‍ता उसके हाथ में आई तो भारत भी प्रतिशोध में पाकिस्‍तान का प्रतिरूप बन जाएगा । यहां अल्‍पमत जिसका बहुत भोड़ा अर्थ मुसलमान लगाया गया था, उसके साथ वैसा ही व्‍यवहार किया जाएगा, इसलिए इसे निर्मूल करना ही भारत के हित में है, मानवता के हित में है। यह दूसरी बात है कि इतिहास की समझ की आपकी नादानी के कारण आप आनन फानन में जो समाधान निकालते हैं उनसे आपकेे इरादों के विपरीत परिणाम निकलने लगते हैं। परन्‍तु उन्‍होंने प्राचीन इतिहास का ध्‍वंस इस आशा में किया कि इससे उन उदार, सर्वसमावेशी और मानवतावादी परंपरा की रक्षा हो सकेगी जिसे हम भारतीयता कहते हैं।”

शास्‍त्री जी अपने को रोक नहीं पाए, ”क्‍या उन्‍होंने इस उदार, सर्वसमावेशी और मानवतावादी परंपरा को अपने इतिहास में कहीं रेखांकित किया ?”

”किया। अपने ढंग से किया और कहूं उल्‍लू के पटठों की तरह किया तो भाषा कठोर हो जाएगी और संवाद की संभावना ही समाप्‍त हो जाएगी, परन्‍तु जैसा मैं पहले कह आया हूं कि कई बार गालियां सचाई को जिस बेधकता से सामने लाती हैं, हमारी दार्शनिक व्‍याख्‍यायें तक नहींं ला पातीं, इसलिए इस कठोर प्रयोग की विवशता और इसकी कठोरता के कारण क्षमाप्रार्थना के साथ निवेदन करना चाहूंगा कि मैं आवेशवश इस कठोर शब्‍द का प्रयोग नहीं कर रहा हूं। उन्‍हें अपनेे खयाल को सनम बनाने के लिए कई तरह के आर्यों, कई आक्रमणों और उनके स्‍वभाव में कई तरह के परिवर्तनों की कहानियां गढ़नी पड़ीं और फिर पहलेे खेप के आक्रमणकारियों को क्रूर, जघन्‍य, मानवद्रोही और सभ्‍यता द्रोही दिखाना पड़ा और उनकी परंपरा से हिन्‍दुत्‍व की परंपरा को जोड़ते हुए हिन्‍दुत्‍व को गर्हित, क्रूर, अन्‍यायी और अभक्षभक्षी सिद्ध करना पड़ा और दूसरे खेमे के आर्यों को कृषिविद्या, धातुविद्या और लोह ज्ञान से लैस हो कर उसी मध्‍येशिया से लाना पड़़ा जो घास का मैदान और चरागाह के लिए जाना जाता रहा है, और पहले आर्यों को भी दो विरोधी समुदायों में कल्पित करना पड़ा। आक्रमणकारी क्षत्रियधर्मा और उन्‍हीं पर हड़प्‍पा के पुजारियों के जादू टोने के बल पर वर्चस्‍व स्‍थापित करने वाले ब्राह्मणों की प्रतिष्‍ठा और फिर भी आक्रमणकारी क्षत्रियों के साथ हड़प्‍पा के पुजारियों अर्थात् ब्राह्मणों के संघर्ष की कहानियां रचनी पड़ींं । यह भी ध्‍यान न रहा कि पहले खेमे के जिन आर्य आक्रमणकारियों को तुम बर्बर और पाशविक गुणों से संपन्‍न मान रहे हो, उन्‍हीं को उन ब्राह्मणों से श्रेष्‍ठ भी सिद्ध कर रहे हो जो सभ्‍य थे और उस उन्‍नत सभ्‍यता के निर्माताओं के गुरु थे जिसके ध्‍वंस का आरोप आक्रामणकारियों पर मढ़ रहे हो। बात यहीं समाप्‍त नहीं होती। पहले खेमे के जाहिल और सभ्‍यताद्रोही आर्य इतने जाहिल भी नहीं थे कि वेे समुद्र यात्रा न करते रहे हों और जिन्‍हेंa समुद्र मार्ग से भारत के पूर्वी भाग के उस क्षेत्र का पता न हो जहां लोह के भंडार हैं। दक्षिण बिहार और अब झारखंड का हिस्‍सा बने उस क्षेत्र तक की समुद्र यात्रा के लिए आपको भूगोल को इतना बदलना पड़ेगा कि भूगोल ही गोल हाेे जाएगा, परन्‍तु इन्‍हीं आर्यों ने अपने ऊपर आक्रमण करने वाले दूसरे खेप के आर्यों को यह रहस्‍य बता दिया और वे सीधे, सीधे तो नहीं, तराई के जंगलों को जलाते हुए अपना रास्‍ता तैयार करते हुए सदानीरा के तट पर पहुंचेे और जो पैमाना उन्‍हें पहले मिल चुका था उससे यह समझ लिया कि अब इससे दक्षिण में ही लोहभंडार मिलेगा और वे दक्षिण की ओर मुड़ चले और लोहक्षेत्र में पहुंच कर भारत में जो तांबे से ही परिचित था लोहक्रान्ति ला दी और फिर तो मगध से असली आर्य सभ्‍यता का आरंभ होना था जिसके उन्‍नायक क्षत्रिय थे जिनका हड़प्‍पा सभ्‍यता के असभ्‍य ब्राह्मणों से द्रोह था और इसी की परिणति था क्षात्र दर्शन जो बौद्ध और जैन मतों के रूप में प्रकट हुआ। यदि आप कहते हैं कि उन्‍होंने भारतीय अतीत में गौरव का कोई चरण ही तलाश नहीं किया तो यह गलत है। उन्‍होंने जैन मत को नाम गिनाने के लिए रखा पर उसे छोड़ दिया, क्‍योंकि उसमें हिंसा के लिए जगह नहीं थी। अत: उनकी व्‍याख्‍या में भारतीय गौरव बौद्धमत और उसकी मूल्‍य परंपरा से जुड़ा है और उसी से वैदिक परंपरा का विरोध दिखाते हुए वे ब्राह्मणवाद को भारत के लिए अहितकर और उन मूल्‍यों को जिनकाेे बौद्धमत ने प्रसारित और प्रतिष्ठित किया भारतीयता की पहचान मानते हुए वे उन्‍हीं पुरातन मूल्‍यों को आप से, जो मानवताद्रोही आर्यवाद से जुड़े हैं, मिटा कर भारत का भला करना चाहते हैं।

”मैं केवल यह निवेदन करना चाहता हूं कि गाली देने के आशय से नहीं, इतनी मनमानी और काल्‍‍पनिक उड़ान भरने वाले को तत्‍वज्ञानी मानने वालों को अधिक सटीक रूप में किसी अन्‍य शब्‍द से अभिहित किया जा सकता हो तो मैं उस शब्‍द का चुनाव करूंगा, क्‍याेंकि जब तक किसी व्‍यक्ति को हमारी न्‍याय प्र‍क्रिया द्वारा चोर सिद्ध न कर दिया जाय, हम उसे चोर नहीं कह सकते, उसी तरह जब तक किसी को उल्‍लू का पट्ठा सिद्ध न कर दिया जाय, जो सिद्ध हो ही नहीं सकता है, तब तक हम इस मुहावरे को अपने शब्‍दकोश से बाहर रखने के पवित्र कर्तव्‍य से बंधे है और जिनको भी यह बुरा लगा हो उनसे बिनाशर्त क्षमा मांगते हुए कोई सही शब्‍द सुझाने का भार भी उन्‍हीं पर डालते हैं।

”इतिहास के इतिहास और अपने अपने इतिहास का एक पहलू हमारे वर्तमान से नियत होता है यह हम देख आए हैं। पर यह नहीं समझ सके कि बौद्धमत और जैनमत सभ्‍यताद्रोही मत हैंं, जिनमें अहिंसा और सामाजिक सौमनस्‍य के लिए कुछ छूट तो है, परन्‍तु प्रगति के लिए नहीं और इनकी अहिंसा की ओर हमारा ध्‍यान इसलिए जाता है कि इसे इन मतों ने पराकाष्‍ठा पर पहुंचा दिया, जब कि पहले यह कालसापेक्ष्‍य था। दूसरे बौद्धमत धर्मपरिवर्तन करने वाला धर्म है और यह धर्मपरिवर्तन करने को उचित ठहराने वालों की जरूरत है। एक कटु सत्‍य यह भी कि काेसंबी को इतिहास और प्राचीन भारत के इतिहास को कोसंबी के लेखन तक सीमित करने और उससे भिन्‍न किसी सोच काेे नकारने का यह सुनियोजित दौर बांग्‍लादेश के पतन और पूर्वी पाकिस्‍तान के एक नये राष्‍ट्र के रूप में उभरने से भी कोई संबंध रखता है, इसकी पड़ताल होनी चाहिए।”

”परन्‍तु डाक्‍साब …. ”

मैंने शास्‍त्री जी को बीच में ही टोक दिया, ”मैं जानता हूं आपको मेरे उत्‍तर से सन्‍तोष नहीं हुआ होगा, पर यह भी तो सोचें कि आपका धैर्य बना भी रहे तो फेसबुक के पाठकों का धैर्य तो जवाब दे सकता है ।”

”‍फिर तो कुछ कहने को रहा ही नहीं ।”

”अाज नहीं, कल ।”

Post – 2016-12-27

इतिहास के पीछे का इतिहास

”हम दुनिया के सबसे भले लोग हैं। भला कहाने का उससे अधिक चाव है । इसे आप हमारा भोलापन भी समझ सकते हैं। भोला का कुछ संबंध भूलने से भी है। जिन्‍हे देश दुनिया का पता न हो, अपने वर्तमान और इतिहास का पता न हो, जिममें किसी तरह की चालाकी न हो, उन अबोध शिशुओं और बच्‍चों के लिए हम भोला का प्रयोग करते हैं और करते हैं भोलानाथ के लिए जिनको भी इस नासमझी के लिए ही जाना जाता है। भोला व्‍यक्ति दूसरों की नजर में भला बने रहने के लिए उसकी इच्‍छा की पूर्ति करता हुआ गौरव अनुभव करता है। वह अपनी समस्‍याओं का सामना नहीं करना चाहता, या अपनी समस्‍या को अपनी भलमनसाहत की रक्षा की समस्‍या के रूप में देखता है । यह दासता का ऐसा रूप है जिसमें जातीय अपमान को सहन करते हुए, अल्‍पतम संरक्षण को अपने सम्‍मान की बात समझा जाता है और अपमानित होने के बाद भी स्‍वामी के हित की चिन्‍ता से न डिगने को अपने गौरव की कसौटी माना जाता है। परंपरागत रूप में इसे स्‍वामिभक्ति कहा जाता रहा है जिसमें अपना मान सम्‍मान अपमान और उत्‍पीड़न कोई अर्थ नहीं रखता, सम्‍मान की कसौटी है स्‍वामी के अोदश, हित या नियोजित कार्य की सिद्धि – मोहि न कछु बांधे कर लाजा । करन चहहुं निज प्रभु कर काजा । व्‍यक्ति इसमें निमित्‍त बन कर रह जाता है, या उसकी हैसियत औजार, या हथियार की हो जाती है। इसे अमानवीकरण की प्रक्रिया से जोड़ कर देखें तो चौंक उठेंगे यह सोच कर कि प्रबुद्ध से प्रबुद्ध व्‍यक्ति ही नहीं, पूरा समुदाय डिह्यूमनाइजेशन का शिकार होने के बाद भी अपने को दूसरों से अधिक उदार और समावेशी मानते हुए इस पर गर्व करता है। ज्ञान उसके पास होता है, परन्‍तु न वह आत्‍मज्ञान होता है, न ही इतिहासबोध, न वस्‍तुबोध। वह बौद्धिक रूप में अपने स्‍वामी या स्‍वामिवर्ग के समक्ष समर्पण कर देता है और अपनी जानकारी को उसकी अपेक्षाओं की पूर्ति काे उचित सिद्ध करने पर लगता है।”

शास्‍त्री जी हाथ जोड़ कर खड़े हो गए, ”डाक्‍साब आज आप यह समझाने वाले थे कि यह हिन्‍दू द्रोह हिन्‍दुअों के भीतर कैसे पैदा हुआ और आप भले बुरे की मीमांसा आरंभ कर दी ।”

शास्‍त्री जी, इतिहास की विडंबना यह है कि इसे हमेशा बीच से आरंभ करना हाेेता है क्‍योंकि अादि का हमें पता नहीं होता और विडंबना यह कि आसन्‍न के साथ सुदूर अतीत भी हमारे वर्तमान में, हमारे आज के अभी के निर्णयों में अपनी भूमिका पस्‍तुत करता है। कोई घटना या क्रिया जहां हमेंं दिखाई देती है उसके पीछे ज्ञात और अज्ञात कार्यों और कारणों की एक लंबी शृखला होती है जिस पर ध्‍यान दें तो लगेगा दुनिया में कुछ भी ऐसा है ही नहीं जा नया हो । शेक्‍सपियर का वह वाक्‍य याद है न ‘दुनिया में कुछ भी नया नहीं है। नथिंग इज न्‍यू अंडर दि सन।”

”मुझे अंडर दि सन का एक दूसरा मतलब समझ में आता है, जो दुनिया में नहीं, बल्कि ‘हमारी जानकारी में’ । जो भी हो , इससे फर्क नहीं पड़ता । यह एक पुरानी, बहुत पुरानी सूझ है जो वटबीज में वटवृक्ष की उपस्थिति से या पुरुष सूक्‍त की उस व्‍याख्‍या से जुडी है जिसमें सृष्टि के आदि में ही एक साथ सब कुछ के घटित हो जाने परन्‍तु हमारी दृष्टि में यथाक्रम आने के रूप में कल्पित है ।”

मैं हैरान हो कर शास्‍त्री जी को देखने लगा । इतनी पैनी दृष्टि की तो मैंने उनमें कल्‍पना ही न की थी।

”आप ठीक कहते हैं, इतिहास और वर्तमान जैसा भी कुछ नहीं होता, हमें जो ज्ञात होता है उससे पीछे बहुत कुछ होता है जिसे हम जानने का प्रयत्‍न कर सकते हैं, पूरी तरह जान नहीं सकते।”

”पूूरी तरह तो डाक्‍साब हम वर्तमान को भी नहीं जानते, अतीत को कैसे जान सकते हैं।”

मुझे सहमत होना पड़ा । अब यह समझना होगा कि जिन्‍हें आप हिन्‍दुत्‍व का शत्रु मानते हैं, वे अधिक हिन्‍दू हैं या आप। आप पर उनका यह आरोप है कि आप का जन्‍म ही लीग की प्रतिक्रिया में हुई और इसलिए आपने उसका सामना करने के लिए उन्‍हीं औजारों और हथियारों का अधिक भोड़े रूप में प्रयोग किया और आप कहने को हिन्‍दु हैं परन्‍तु आपकी आत्‍मा और चरित्र यहां तक कि आदर्श सामी हैं। आपका उन पर आरोप यह कि उन्‍होंने न तो हिन्‍दू अतीत को, इसके इतिहास को समझने का प्रयत्‍न किया है न ही इसके रक्षणीय दायों का सम्‍मान किया है और हिन्‍दुत्‍व की मूल्‍यव्‍यवस्‍था की आड़ में हिन्‍दुत्‍व का उन्‍मूलन करने को तत्‍पर रहे हैं और जिन सामी मूल्‍यों की तुलना में हिन्‍दू मूल्‍यों का समर्थन करते रहे हैं, उन्‍हीं सामी मजहबों की सेवा में नियुक्‍त हो कर अपने इतिहास, अपनी संस्‍कृति का उससे अधिक निर्ममता से सत्‍यानाश करते रहे हैं जिससे मध्‍यकाल में मन्दिरों, मूर्तियों, शिक्षाकेन्‍द्रों और ग्रन्‍थागारों को नष्‍ट करते, अग्निसात करते, उनके रक्षकों का वध करते आगे बढ़े वह संस्‍कार रूप में उनके वंशधरों में भी बना रह गया है । वे सामी मतों की आलोचना तक नहीं कर सकते, उनके साथ खड़े हो जाते हैं। मुझे आप दोनों सही लगते हैं इसलिए उस इतिहास में जाना होगा जिसकी समग्र उपस्थिति या दबाव वहां भी रहता है जब हम उनका विरोध कर रहे होते हैं। इस ग्रन्थि को समझने के लिए हमें इतिहास की वर्तमान में उपस्थिति के उन रूपों को समझना होगा जिनका छोटा रास्‍ता आप तलाश रहे थे। इसे कल के लिए स्‍थगित करें तो कैसा रहेग।”

शास्‍त्री जी ने उत्‍तर नहीं दिया । नमस्‍कार की मुद्रा में आ कर चलने के लिए तत्‍पर हो गए।

Post – 2016-12-27

”हम दुनिया के सबसे भले लोग हैं। भला कहाने का उससे अधिक चाव है । इसे आप हमारा भोलापन भी समझ सकते हैं। भोला का कुछ संबंध भूलने से भी है। जिन्‍हे देश दुनिया का पता न हो, अपने वर्तमान और इतिहास का पता न हो, जिममें किसी तरह की चालाकी न हो, उन अबोध शिशुओं और बच्‍चों के लिए हम भोला का प्रयोग करते हैं और करते हैं भोलानाथ के लिए जिनको भी इस नासमझी के लिए ही जाना जाता है। भोला व्‍यक्ति दूसरों की नजर में भला बने रहने के लिए उसकी इच्‍छा की पूर्ति करता हुआ गौरव अनुभव करता है। वह अपनी समस्‍याओं का सामना नहीं करना चाहता, या अपनी समस्‍या को अपनी भलमनसाहत की रक्षा की समस्‍या के रूप में देखता है । यह दासता का ऐसा रूप है जिसमें जातीय अपमान को सहन करते हुए, अल्‍पतम संरक्षण को अपने सम्‍मान की बात समझा जाता है और अपमानित होने के बाद भी स्‍वामी के हित की चिन्‍ता से न डिगने को अपने गौरव की कसौटी माना जाता है। परंपरागत रूप में इसे स्‍वामिभक्ति कहा जाता रहा है जिसमें अपना मान सम्‍मान अपमान और उत्‍पीड़न कोई अर्थ नहीं रखता, सम्‍मान की कसौटी है स्‍वामी के अोदश, हित या नियोजित कार्य की सिद्धि – मोहि न कछु बांधे कर लाजा । करन चहहुं निज प्रभु कर काजा । व्‍यक्ति इसमें निमित्‍त बन कर रह जाता है, या उसकी हैसियत औजार, या हथियार की हो जाती है। इसे अमानवीकरण की प्रक्रिया से जोड़ कर देखें तो चौंक उठेंगे यह सोच कर कि प्रबुद्ध से प्रबुद्ध व्‍यक्ति ही नहीं, पूरा समुदाय डिह्यूमनाइजेशन का शिकार होने के बाद भी अपने को दूसरों से अधिक उदार और समावेशी मानते हुए इस पर गर्व करता है। ज्ञान उसके पास होता है, परन्‍तु न वह आत्‍मज्ञान होता है, न ही इतिहासबोध, न वस्‍तुबोध। वह बौद्धिक रूप में अपने स्‍वामी या स्‍वामिवर्ग के समक्ष समर्पण कर देता है और अपनी जानकारी को उसकी अपेक्षाओं की पूर्ति काे उचित सिद्ध करने पर लगता है।”

शास्‍त्री जी हाथ जोड़ कर खड़े हो गए, ”डाक्‍साब आज आप यह समझाने वाले थे कि यह हिन्‍दू द्रोह हिन्‍दुअों के भीतर कैसे पैदा हुआ और आप भले बुरे की मीमांसा आरंभ कर दी ।”

शास्‍त्री जी, इतिहास की विडंबना यह है कि इसे हमेशा बीच से आरंभ करना हाेेता है क्‍योंकि अादि का हमें पता नहीं होता और विडंबना यह कि आसन्‍न के साथ सुदूर अतीत भी हमारे वर्तमान में, हमारे आज के अभी के निर्णयों में अपनी भूमिका पस्‍तुत करता है। कोई घटना या क्रिया जहां हमेंं दिखाई देती है उसके पीछे ज्ञात और अज्ञात कार्यों और कारणों की एक लंबी शृखला होती है जिस पर ध्‍यान दें तो लगेगा दुनिया में कुछ भी ऐसा है ही नहीं जा नया हो । शेक्‍सपियर का वह वाक्‍य याद है न ‘दुनिया में कुछ भी नया नहीं है। नथिंग इज न्‍यू अंडर दि सन।”

”मुझे अंडर दि सन का एक दूसरा मतलब समझ में आता है, जो दुनिया में नहीं, बल्कि ‘हमारी जानकारी में’ । जो भी हो , इससे फर्क नहीं पड़ता । यह एक पुरानी, बहुत पुरानी सूझ है जो वटबीज में वटवृक्ष की उपस्थिति से या पुरुष सूक्‍त की उस व्‍याख्‍या से जुडी है जिसमें सृष्टि के आदि में ही एक साथ सब कुछ के घटित हो जाने परन्‍तु हमारी दृष्टि में यथाक्रम आने के रूप में कल्पित है ।”

मैं हैरान हो कर शास्‍त्री जी को देखने लगा । इतनी पैनी दृष्टि की तो मैंने उनमें कल्‍पना ही न की थी।

”आप ठीक कहते हैं, इतिहास और वर्तमान जैसा भी कुछ नहीं होता, हमें जो ज्ञात होता है उससे पीछे बहुत कुछ होता है जिसे हम जानने का प्रयत्‍न कर सकते हैं, पूरी तरह जान नहीं सकते।”

”पूूरी तरह तो डाक्‍साब हम वर्तमान को भी नहीं जानते, अतीत को कैसे जान सकते हैं।”

मुझे सहमत होना पड़ा । अब यह समझना होगा कि जिन्‍हें आप हिन्‍दुत्‍व का शत्रु मानते हैं, वे अधिक हिन्‍दू हैं या आप। आप पर उनका यह आरोप है कि आप का जन्‍म ही लीग की प्रतिक्रिया में हुई और इसलिए आपने उसका सामना करने के लिए उन्‍हीं औजारों और हथियारों का अधिक भोड़े रूप में प्रयोग किया और आप कहने को हिन्‍दु हैं परन्‍तु आपकी आत्‍मा और चरित्र यहां तक कि आदर्श सामी हैं। आपका उन पर आरोप यह कि उन्‍होंने न तो हिन्‍दू अतीत को, इसके इतिहास को समझने का प्रयत्‍न किया है न ही इसके रक्षणीय दायों का सम्‍मान किया है और हिन्‍दुत्‍व की मूल्‍यव्‍यवस्‍था की आड़ में हिन्‍दुत्‍व का उन्‍मूलन करने को तत्‍पर रहे हैं और जिन सामी मूल्‍यों की तुलना में हिन्‍दू मूल्‍यों का समर्थन करते रहे हैं, उन्‍हीं सामी मजहबों की सेवा में नियुक्‍त हो कर अपने इतिहास, अपनी संस्‍कृति का उससे अधिक निर्ममता से सत्‍यानाश करते रहे हैं जिससे मध्‍यकाल में मन्दिरों, मूर्तियों, शिक्षाकेन्‍द्रों और ग्रन्‍थागारों को नष्‍ट करते, अग्निसात करते, उनके रक्षकों का वध करते आगे बढ़े वह संस्‍कार रूप में उनके वंशधरों में भी बना रह गया है । वे सामी मतों की आलोचना तक नहीं कर सकते, उनके साथ खड़े हो जाते हैं। मुझे आप दोनों सही लगते हैं इसलिए उस इतिहास में जाना होगा जिसकी समग्र उपस्थिति या दबाव वहां भी रहता है जब हम उनका विरोध कर रहे होते हैं। इस ग्रन्थि को समझने के लिए हमें इतिहास की वर्तमान में उपस्थिति के उन रूपों को समझना होगा जिनका छोटा रास्‍ता आप तलाश रहे थे। इसे कल के लिए स्‍थगित करें तो कैसा रहेग।
शास्‍त्री जी ने उत्‍तर नहीं दिया । नमस्‍कार की मुद्रा में आ कर चलने के लिए तत्‍पर हो गए।