Post – 2016-08-19

”हम दो अतियों के शिकार हैं । एक है जिनजबद्धता, जिसमें हम दु‍निया को न केवल अपनी नजर से देखते हैं अपितु अपने अनुसार ढालना चाहते है। इसमें अपनी बुराइयों की ओर हम नहीं देख पाते या उनको भी उचित ठहराते हैं, परन्‍तु दूसरों की केवल बुराइयॉं दिखाई देती हैं और उनका कोई कारण नहीं दिखाई देता, वे उसमें निसर्गजात मान ली जाती हैं। उसकी अच्‍छाई को हम नहीं देख पाते, या उनमें कोई ऐसा कोण तलाश लेते हैं जिसमें उसका अवमूल्‍यन किया जा सके, नकारा जा सके, या हास्‍यास्‍पद बनाया जा सके। मिल का इतिहासलेखन इसी सोच पर आधारित था। इसे ही ईरानी सभ्‍यता को भारतीय सभ्‍यता से श्रेष्‍ठ सिद्ध करने के लिए भारत के ईरानी मूल से फिर किसी भी पश्चिमी देश से जुड़े हाने पर गर्व करने वाले अभिजात मुसलमानों ने अपनाया और यह दुहराते रहे कि भारतीयों को न जीने का शऊर था, न कपड़े लत्‍ते का, न सलीके से बोलने चालने और व्‍यवहार करने का । वे उजड्ड रहे हैं और हमने उन्‍हें सभ्‍य बनाया है और उसी में जुड़ कर वह चक्र पूरा होता है कि पुरानी ईरानी या अवेस्‍ता की भाषा में वैदिक भाषा से समानता है तो इन दोनों अवेस्‍ता की भाषा अधिक पुरानी है और फिर आर्यों की बर्बरता आदि की कहानियॉं गढ़ कर इसे पूरा किया जाता है।

इस तरह के आत्‍मवादी इतिहास से अपनी शाश्‍वत श्रेष्‍ठता का विश्‍वास अपनों में और सनातन बर्बरता का विश्‍वास दूसरों में उतारा जाता है। इससे अपने भीतर स्‍वामित्‍व का बोध प्रबल किया जाता है और इतरों में गुलामी के मूल्‍यों को चेतना का अंग बनाया जाता है। यह मूल्‍य जब हमारी बौद्धिकता का अंग बन जाता है और हम इस पर गर्व करने लगते हैं तो यह स्‍मरण दिलाने पर भी घबराहट होती है कि किसी अवस्‍था में स्थिति ठीक इससे उल्‍टी रही है। चन्‍द्रशेखर जी जब प्रधानमन्‍त्री थे उन दिनाें धर्मपाल ने उनके साथ एक बात चीत का हवाला दिया है। उन्‍होंने जब बताया हमारी स्थिति वह नहीं थी जो बताई जाती है, बल्कि यह थी। चन्‍द्रशेखर ने हँस कर कहा, ”जब थी तब थी उसे जान कर क्‍या करेंगे, आज तो यह है।”

ऐसा ही उत्‍तर ऋग्‍वेद के प्रसंग में लोहिया जी के किसी कटाक्ष का सुना था जिसका ठीक सन्‍दर्भ और उनका वाक्‍य याद नहीं आता । ये दोनों लोग भारतविमुख नहीं थे जो कम्‍युनिस्‍टों को अन्‍तर्राष्‍ट्रीयता के नाम पर बना दिया गया। इन सबमें सामान्‍य बात यह थी कि अपनी गर्दन झटकारने के बाद भी इन्‍होंने उस इतिहास का आत्‍मसात्‍करण कर लिया था जो धाक जमाने वाली सभ्‍यताओं द्वारा वशवर्ती समाजों को चिरन्‍तन वशवर्ती बनाए रखने के लिए तैयार किया जाता है। वे इस मोटे सच से परिचित नहीं थे कि इतिहास की समझ हमारी चेतना के रूप का या कहें हमारी मानसिकता का निर्माण करती है और वर्तमान में सर झटकते रहने से उन बन्‍धनों से मुक्ति नहीं मिल सकती न उस गति से आगे बढ़ा जा सकता है जैसे सामान्‍य स्थिति में होना चाहिए। इसके लिए यह जानना जरूरी है कि इन व्‍याख्‍याओं द्वारा हमें कब किस तरह बॉधा गया और इनको अपनी शक्ति और स्थिति का सही परिचय प्राप्‍त करके ही चेतना से बाहर किया और फिर पूरे मनोबल से आगे बढ़ा जा सकता है। इस बात को मैं कई बार दुहरा चुका हूँ अौर आगे भी दुहराता रहूूँगा कि वर्तमान अतीत से अलग नहीं है, उसी का शिखर बिन्‍दु है जो नये शिखरों की ओर बढ़ने के साथ अतीत बनता चला जाएगा। उससे कट जाने पर या तो हम धँस जाऍंगे या उधिया जाऍंगे, अपने पॉंवों पर खड़े नहीं रह सकते।

दूसरी अति इसी का दूसरा सिरा है, अपनी दृष्टि पर विश्‍वास न कर पाना और अपने को और दूसरी चीजों को दूसरों की दृष्टि से देखना। यह उन मूल्‍यों के आभ्‍यन्‍तरीकरण से पैदा होता है जो दूसरो को गुलाम बनाए रखने के लिए तैयार किए गए थे और इनको आत्‍मसात् करने के बाद आप को उनका पालतू बन कर रहना आजाद रहने की अपेक्षा अधिक आरामदेह प्रतीत होता है। इसके प्रमाण स्‍वरूप मैं एक बार उन कीमती कुत्‍तों की याद दिला चुके हैं जिन्‍हें सब कुछ हासिल होता है जो उनके स्‍वामी को हासिल है, बस एक अन्‍तर के साथ जो उस जंजीर से पैदा होती है जिसका एक सिरा आपकी गर्दन में बँधा रहता है और दूसरा उसके हाथ में होता है। आप उन सुखों और सुविधाओं के अभ्‍यस्‍त हो जाने के बाद उसके इशारे पर ही अपनी गर्दन उस पट्टे और जंजीर को बॉंधने के लिए पेश कर देते हैं। आप न केवल गुलामी से आप समझौता कर लेते हैं, बल्कि उसे अपने स्‍वभाव का अंग बना लेते हैं। इसे ही हिन्‍दू समाज में पैदा करने के प्रयत्‍न में वह आयोजन किया गया जिसे मैं मध्‍यकालीन देवस्‍थलो, मठो और मूर्तियों को नष्‍ट और अपवित्र करने जैसा ही गर्हित मानता हूँ, परन्‍तु इसके जनक सुशिक्षित लोग थे, इसलिए इसे उससे भी अधिक गर्हित मानता हूँ।

”हम पहले भी यह कह आए हैं कि हमारे शिक्षा विभाग को निरापद मान कर नेहरू जी के समय से ही विरल अपवादों को छोड़ कर उन्‍हीं मुस्लिम नेताओं के हाथ में रखा गया जिनकी सोच यही थी और इस इतिहास का अकाट्य और अपरिवर्तनीय पाठ बनाने का प्रयत्‍न करते हुए इतिहास और साहित्‍य की पुस्‍तकों का एकाधिकार एनसीइआरटी को सौंप दिया और इसके अकूल मानदेय का प्रलोभन दे कर इसे योजनाबद्ध रूप में इतिहास का पेशा करने वाले हिन्‍दुओं से लिखवाया गया जो ऊपर दिए गए दृष्‍टान्‍त के जानवर की तरह पद, प्रतिष्‍ठा और धन से आकृष्‍ट थे यह कहना भी उनके साथ अन्‍याय होगा, क्‍योंकि वे उस विचारधारा से बँधे थे जिसमें उसी अभिजात वर्ग और उनके सरोकारों और आशंकाओं से ग्रस्‍त मुस्लिम साथियों के दबाव में मुस्लिम लीग की कार्ययोजना को अपनी कार्ययोजना में शामिल कर चुके थे, इसलिए दूसरे तथ्‍य जो अधिक दबाव पैदा करते थे, उस मुखौटे के पीछे चले जाते हैं, और इनकी गुर्राहट भरी व्‍याख्‍याओं के पीछे उनकी जंजीर अपने हाथ में रखने वालों की फितरत का पता नहीं चल पाता। लगता है यह विशुद्ध विचारधारात्‍मक सरोकार से किया जा रहा है।

इस मुखौटे के कारण, उनका इतिहासध्‍वंस भी एक विशाल पाठक वर्ग के लिए जिसमें सभी विचारधाराओं के उदार, मानवतावादी और ‘वैज्ञानिक’ सोच के भूखे बुद्धिजीवियों की नजर में तथ्‍यपरक, वैज्ञानिक और ‘मार्क्‍सवादी’ इतिहास होने का भ्रम पैदा करने में सफल होता है। इनकी व्‍याख्‍या में किस तरह की घालमेल की जाती है, इसका एक नमूना मैं ए.के. रामानुजन के रैबार के उसी अंक में प्रकाशित लेख के एक अंश से पेश करना चाहूँगा जिससे एक उद्धरण कल उपयोग में लाया था। इस लेख का शीर्षक है, Is there an Indian way of Thinking? इस लेख की रणनीति और तरकीब यदि आप तनिक भी शिथिल हों तो आप को इस बात का कायल बना सकती है कि गुलाम मानसिकता वस्‍तुपरक और वैज्ञानिक मानसिकता है।

वह अपने पिता के ज्ञान, विषय पर अधिकार और उनके जीवनमूल्‍यों का उल्‍लेख करते हैं जिसे वह अपनी ‘आधुनिक शिक्षा और आधुनिक सोच’ के चलते अलग हट आए थे और अच्‍छी बात है कि वह इसे कनवर्सन की संज्ञा देते हैं:

I had just converted by Russel l to the scienific attitude’. I (and my generation ) was troubled by his holding together in one brain both astronomy and astrology; I looked for consistency in him he didn’t seem to care about, or even think about. When Iasked him what the discovery of Pluto and Neptune did to his archaic nine-planet astrology, he said, ‘You make necessary corrections, that is all.’ Or, in answer to how he could read Gita religiously having bathed and painted on his forehead the red and white feet of Vishnu, and later talk appreciatively about Bertrend Russell and even Ingersoll, he said, ‘The Gita is one’s hygene. Besides don’t you know, the brain has two lobes.

मुझे यह लगता है कि उनके पिता जी पांडित्‍य में उनसे कुछ उन्‍नीस पड़ते थे क्‍योंकि उन्‍होंने अपनी किसी ग्रन्थि के कारण आधुनिक दार्शनिकों, वैज्ञानिकों और विज्ञान के आविष्‍कारों और अनुसंधानों के प्रति उपेक्षा न दिखाई थी। उन्‍हें यह बाेध था कि विज्ञान में शाश्‍वत सत्‍य नहीं होता, नये तथ्‍यों के आने के बाद उन्‍हें उनके अनुसार समायोजित करना होता है जो वह कर रहे थे, वह रसेल को और इंगरसोल को पढ़ चुके थे और उनके विचारों का सम्‍मान करते थे और अपने पुत्र को उसकी आपत्तियों का निराकरण करते हुए अपना पक्ष रखते थे, जब कि अपने कनवर्सन के बाद वह छूट अपने पुत्र को नहीं दे सकते और उसे जाहिल और नासमझ कह कर प्रतिवाद करने तक से रोक सकते हैं। उन्‍हें पता था मस्तिष्‍क में दो कोटर हैं और दोनों सजीव और अपने विरोधों के साथ जीवित और सक्रिय रहें तभी हम सही सोच रख सकते हैं, जो अभी आज की पहुंच में अप्रिय लग रहा है उसे, जब तक वह बाधक नहीं बनता है, उसका निर्वाह करना चाहिए, पता नहीं उनमें क्‍या सत्‍य छिपा हो जो आज हमारी समझ में नहीं आ रहा है, कल समझ में आए। मैंने अक्षत और चावल के संबंध की चर्चा करते हुए इसकी ओर संकेत किया था। कनवर्सन के बाद जैसे व्‍यक्ति अपने अतीत से संबंध काट लेता है, अपने इतिहास से मुँह मोड़ लेता है और इसी को अपनी वैज्ञानिक समझ समझने लगता है जिसको प्रमाणित करने के लिए वह आत्‍मतिरस्‍कार के लिए तर्क और प्रमाण तलाशने लगता है।
अब रामानुनन द्वारा अपनी वैज्ञानिक समझ को स्‍थापित करने के लिए जिस रूप में भारतीय मान्‍यताओं को निकृष्‍ट सिद्ध करने के दृष्‍टान्‍त और प्रमाण दिए गए हैं और पाश्‍चात्‍य विचारों को बिना पकाए सिझाए निगल जाने का प्रमाण मिलता है, उसका नमूना यह है:
Another trait of ‘inconsistency’ is the apparent inability to distinguish self and non-self. One has only to read Manu after a bit of Kant to be struck by the former’s extraordinary lack of universality. He seems to have no clear notion of a uniersal human nature from which one can deduce ethical decrees like ‘Man shall not kill’ or ‘Man shall not tell an untruth’.

Manu VIII.267 (quoted by Muller 1883) has the following. A Kshatriya, having defamed a Brahmana, shall be fined one hundred (panas) ; a Vaishya one hundred and fifty to two hundred (panas); a Sudra shall have corporal punishment.

Even truth telling is not an ubconditional imperative, as Miller’s correspondents discovered:
An untruth spoken by people under the influence of anger, excessive joy, fear, pain, or grief, by infnats, by very old men, by persons labouring under delusion, being under theinfluence of drink, or by mad men, does not cause the speaker to fall, or as we would say, a venial not a mortal sin [Gautam paraphrased by Muller (1883, 70).
गनीमत है कि लंबी बहस के बाद वह आधा तेरा आधा मेरा वाले, लुटे हुए माल का आधा लुटेरे का और आधा लुटने वाले वाली समझदारी पर पहुँचता है। हम उसी के विवेचन से जिस सचाई का सामना करते हैं वह यह कि :
1. यह व्‍यक्ति जिसे अपने परिवार और परिवेश से यह अवसर मिला था कि वह मूल स्रोतों का अ‍ाधिकारिक ज्ञान रखने के बाद अपना मत बनाता वह अंग्रेजी शिक्षा के कारण, रसेल के मैं ईसाई क्‍यों नहीं हूँ की नकल करते हुए बिना उन कारणों पर ध्‍यान दिए, मैं हिन्‍दू क्‍यों नहीं हूँ सिद्ध करने के अभियान पर जुट गया और इस उत्‍साह में जो सुलभ ज्ञान था उससे वंचित हो गया।
2. उसे संस्‍कृत भाषा और साहित्‍य का ज्ञान पाश्‍चात्‍य विद्वानों के माध्‍यम से है ओर वह उन्‍हें जाँचने परखने की योग्‍यता नहीं रखता।
3. वह विधि विधान को दार्शनिक स्‍थापना मान लेता है और दर्शन जिनमें वैश्विक और सार्विक का चिन्‍तन किया जाता है, उनमें से किसी का उसे ज्ञान नहीं और यह ज्ञान तक नहीं कि विधिविधान में बहुत सारे अपवाद और उपविधान होते हैं और इसके बिना वे लट्ठविधान बन जाएँगे। आज भी न्‍याय विचार में उन परिस्थितियों का ध्‍यान रखा जाता है जिनमें वह अपराध हुआ है और इसका इस हद तक पालन किया जाता है कि इसके बल पर अपराध के वकीलों की इमारते न्‍याय से भी ऊपर चली जाती हैं।
4. यह मैक्‍समूलर को उद्धृत तो करता है परन्‍तु इन्‍हीं के माध्‍यम से मैक्‍समूलर भारतीय सभ्‍यता का जो मूल्‍यांकन करते हैं उससे बचने या उसे छिपाने का प्रयत्‍न करता है।
5. इसे अपनी तुलना में कालरेखा का ध्‍यान नहीं, दो हजार साल पहले के भारतीय विधान को आज के दार्शनिक आख्‍यान से जोड़ते हुए देखता है, दर्शन का विधिव्‍यवस्‍था से घालमेल और कालक्रम का घालमेल।
इसी के बल पर यह अतिपठित पर दिमागी तौर पर दिवालिया विद्वान हमारे मार्क्‍सवादी व्‍याख्‍याकारों को तिनके का सहारा ही नहीं देता वे उस तिनके को पहाड़ बना कर पेश करते हैं जिसको गाली देने की प्रबल इच्‍छा के बाद भी ह से आगे बढ़ नहीं पाता, मानहानि के डर से, पर सचाई तो यही है कि ये
सोचने ही नहीं पढ़ने तक में हमारी पैस्सिविटी के कारण हमारे बौद्धिक कायाकल्‍प के लिए प्रयत्‍नशील हैं।

Post – 2016-08-18

सबकी जबाँ पर रहता था गुमनाम हो गया
भगवान कल था आज वह बदनाम हो गया
विज्ञान का भी इसमे मिलाया था मसाला
मेरी जरूरतों से ही यह काम हो गया ।।
तुम ढूंढते रहे कि अभी था कहां गया
मैं सोचता रहा कि लो आराम हो गया ।।
मैं जानता हूँ वह नहीं है फिर भी कही है
तुम जानते हो वह नहीं तो ज्ञान हो गया ।
हो सकता है, विज्ञान की सीमाऍं बहुत हैं
विज्ञान से आगे का भी विज्ञान हो गया ।

Post – 2016-08-18

निदान – 23
अधोगति का दिग्‍दर्शन
”तुम अपनों को जोड़ नहीं पाते, दूसरों को भी तोड़ने बॉंटने का खेल खेलना चाहते हो, देशी मूल और विदेशी मूल का फर्क करके ? तुमने उनको इतना नादान समझ रखा है कि वे तुम्‍हारे कहने में आ जाऍंगे ?”
”मैं केवल जोड़ने का काम करता हूॅे । फोड़ने और बॉंटने का काम तुम लोग करते आए हो। अंग्रेजों ने अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए पहली बार भेदनीति का सहारा लिया। इसका सहारा सदा शत्रु देश के प्रति लिया जाता है, क्‍योंकि यह सबसे अधिक गहरी चोट करता है जिसे भरने में हथियार की चोट से भी अधिक समय लगता है। उन्‍होंने पहले मुस्लिम रईसों को यह समझाया कि तुमने इनको गुलाम बनाया, इन पर राज किया, अब यदि जिस तेजी से हिन्‍दू आगे बढ़ रहे हैं उस गति से आगे बढ़ते रहे तो तुम्‍हारे ऊपर इनका राज होगा और यदि किसी स्थिति में हमें यहां से जाना पड़ गया तो तुम्‍हें इनका गुलाम बन कर रहना होगा और ये तुम्‍हारे साथ वही करेंगे जो तुमने इनके साथ किया था। हम तुम्‍हारा खोया हुआ सम्‍मान वापस चाहते हैं, लेकिन तुम्‍हारे ऊपर हमें पूरा भरोसा नहीं है इसलिए हम स्‍वयं भी तुमको सरकारी काम काज से दूर रखते हैं, और चाहते हैं कि हमारी यह आशंका निर्मूल हो जाय इसलिए तुम पूरी तरह हमारे साथ आ जाओ, इसका प्रमाण पेश करो। हम तुम्‍हे शिक्षा में अपनी सकमक्षता में ला देंगे, तुम इनसे बहुत आगे निकल जाओगे, हम तुम्‍हें इनसे अधिक योग्‍य बनाऍंग। इस मन्‍त्र के जोर से ही उन्‍होंने सैयद अहमद को मुग्‍ध कर दिया था और भारतीय समाज में पहले से चले आरहे अलगाव को पारस्‍परिक शत्रुता में बदल दिया था जो अमीरों और तात्‍तुकेदारों के भीतर एक जहर से रूप में उतर गया था जो आज तक उनके भीतर काम करता दिखाई देता है, परन्‍तु वे अपने तई नगण्‍य थे इसलिए वे उसी विष को दूसरे मुसलमानों में उतारने के लिए प्रयत्‍नशील रहे। इस पक्ष को मैं सैयद अहमद के सन्‍दर्भ में अपनी समझ के अनुसार रख चुका हूँ। दूसरे देश में, जिसे अंग्रेजों को कभी भी छोड़ना पड़ सकता था और छोड़ना पड़ा उनके द्वारा इस नीति का सहारा लेना गलत नहीं था। उन्‍होंने अलगाव के कुछ और बीज बोये जो पूरी तरह नष्‍ट नहीं हुए पर उनको वे उचित खाद पानी नहीं दे सके। इसलिए उन्‍होंने इस एक राष्‍ट्र को दो राष्‍ट्रीयताओं का देश बनाने में सफलता पाई। मनोवैज्ञानिक स्‍तर पर वे यह काम उन्‍नीसवीं शताब्‍दी में ही कर चुके थे। परन्‍तु जिस दिन से कम्‍युनिस्‍ट पार्टी में मुस्लिम लीग की आत्‍मा ने प्रवेश हुआ उसके बाद ही वह अकल्‍पनीय बटवारा जो इसकी माँग करने वालों के लिए भी असंभव प्रतीत हो रहा है, संभव बना मान लिया गया और उसने यह कर भी दिखाया। कम्‍युनिस्‍ट पार्टी ने यदि क्रान्ति का सपना दिखाया था तो उसे उसने इस रूप में पूरा करके भी दिखा दिया। समझ उल्‍टी भले हो, वह जो कहती है वह करती है। और करती इस तरह है क्रान्ति उसको देख डरती है।
”अब तुम अपने देश को फिर दो राष्‍ट्रीयताओं वाला देश बनाए रखने के लिए प्रयत्‍नशील थे जिसका मूल्‍यांकन हम नहीं करना चाहते, दिल बँट जाने के बाद भी साथ रहने की विवशता थी। साथ रहें और सम्‍मान से रहें यह जरूरी था । परन्‍तु इसके बाद अपने ही देश को नये सिरे से बॉंटो और राज करो की नीति कोई देशद्रोही ही अपना सकता था, क्‍योंकि पहले भी और किसी भी देश में अपनों को बॉंटने की राजनीति नहीं की जाती। सत्‍ता के लिए तुम अपने ही देश के शत्रु बन गए और इसे न जाने कितनी राष्‍ट्रीयताओं का देश बनाने के कार्यक्रम पर जुट गए और इसे जातियों, उपजातियों के बीच अधिकारों की समानता के अभियान का रूप न देकर, आपसी तकरार का रूप दे दिया। तुम्‍हारा पुराना नाम भी किसी काम का न रहा तो नाम बदल कर अपने को सेक्‍युलरिस्‍ट कहने लगे, पर कार्यक्रम वही पुराना, हिन्‍दू का अपमान, उसके मूल्‍यों का तिरस्‍कार, उसके अंगों का विच्‍छेदन, उसके इतिहास और संस्‍कृति का उपहास और विघटन, बिना प्रमाण और बिना औचित्‍य के।
”जैसे मूर्तियॉं तोड़ने वालों को कला की समझ नहीं होती, पुस्‍तकालयों को जलाने वालों में विद्यानुराग नहीं होता, होता तो वे यह काम कर नहीं सकते थे। अलबरूनी नालन्‍दा में आग नहीं लगा सकता था। यह काम बख्तियार खिलजी का जत्‍था ही कर सकता था जिसे कुरान के अलावा किसी दूसरे ग्रन्‍थ का ज्ञान नहीं था और हो सकता है कुरआन का भी ज्ञान न रहा हो, उसी तरह प्राचीन भारतीय इतिहास और संस्‍कृति के विनाश के लिए तुम्‍हारे मूर्ख इतिहासकार ही तैनात किए जा सकते थे जिन्‍हें उन भाषाओं का ही ज्ञान नहीं था जिसमें हमारी सभ्‍यता, इतिहास के सूत्र, सांस्‍कृतिक संपदा सुरक्षित है और उन्‍हें न उन स्रोतों की चिन्‍ता थी न उन तक पहुंचने के रास्‍ते मालूम थे जो उन भाषाओं के ज्ञान और उनमें जलाए, मिटाए जाने के बाद भी बचाया जा सका है इसका पता ही न था और इस अज्ञान पर वे गर्व भी करते थे।
”ऐसे जाहिलों ने हिन्‍दू समाज को तोड़ कर, मिटा कर इसे सुधारने का जिम्‍मा अपने कन्‍धों पर ले लिया। हमारे मनोबल को तोड़ने, अयुत कोटि वर्षों तक अपना गुलाम बना कर रखने के इरादे से उन विदेशियों की लिखी पुस्‍तकों को ही अपने ज्ञान का एकमात्र स्रोत बना कर अक्षरगोपाल बने इन विद्वानों की समझ और ज्ञान के उथलेपन पर तरस आता है परन्‍तु गलानि इस विवशता पर भी होती है कि विदेशी सत्‍ता के हटने के साथ सत्‍ता इनके हाथ में चली आई और ये नाना वेश बना कर उसी पुराने कार्यक्रम पर जुटे हुए हैं। मूर्खो को इतनी महिमा कभी नहीं मिली होगी जिनी वामपंथी चादर ओढ़ने वाले इन अक्षरगोपालों को।
”तुम एक दिन पानी की एक बोतल ले आओ, मुहावरे को चरितार्थ करते हुए पानी पी पी कर गालियॉं दो, मैं कुछ बोलूँगा नहीं, पूरा सुन लूँगा। तुम्‍हारा भी जी भर जाएगा। लेकिन यह जब देखो तक कोसने लगते हो, और इतना वक्‍त इसी पर बर्वाद कर देते हो यह नहीं होना चा‍हिए। जरा सा छेड़ा कि शूरू हो जाते हो…”
”पुर हूँ मैं शिकवे से यूँ राग से जैसे बाजा, इक जरा छेडि़ए फिर देखिए क्‍या होता है। गुस्‍सा लगता है यार, क्‍योंकि इन्‍होंने पीढ़ी दर पीढ़ी अधपढ़े अक्षरगोपालों की जमातें पैदा कीं, जिनके प्रताप और तेवर से ही डर लगने लगता है। खैर, तुम जो छेड़ बैठते हो, वह तुम्‍हारा सवाल नहीं होता है तुम्हारी घबराहट होती है और उस घबराहट को दूर करने के लिए मुझे यह भी बताना होता है कि यह पैदा कैसे हुई। तुम लोगों की विवशता यह नहीं है कि तुम जो जानते हो, वह डस्‍टबिन से उठाया हुआ ज्ञान है, विवशता यह है कि तुम उसके इतने आतंक में रहे हो कि कोई उससे बाहर लाना चाहे तो तुम उसे समझ नहीं पाते। जब बात समझ में आने लगती है तो घबरा जाते हो। पीछे हट जाते हो क्‍योंकि उसके बाद तुम्‍हारा आकलन जीरो पर नहीं आ जाएगा, माइनस जीरो की ओर झुक जाएगा, निगेटिव की ओर। इसलिए तुम उस ज्ञान को प्रसारित होने में बाधा डालते हो, दुष्‍प्रचार करते हो, और नजरअन्‍दाज करते हो और इसके बाद भी यदि किसी ने प्रकाशकों की कृपा से पढ़ कर उसकी चर्चा कर दी तो उसको हिन्‍दुत्‍ववादी कह कर परेशान करने लगते हो । अंधेरे का साम्राज्‍य माचिस की तीली तक से डरता है । मेरी बात तुम्हारी समझ में न आए शायद इसलिए ‘हिमालय रैबार’ के अंक अप्रैल-जून 2016 में Claude Alvores के निबन्‍ध Resisting the West’s Intelletual Discourse का एक छोटा सा अंश तुम्‍हें दिखाना चाहता हूँ:
Much of the knowledge in circulation in the Western World about the rest of the world was the direct result of political overloading. It was not only distorted but acutely contaminated by the ethnic concerns, goals, theories, obsessions, anxieties, and peculiar assumptions and above all political goal of western scholars and universities.
जिसे तुम गाली समझ बैठे और घबरा गए, वह असलियत का खाका था, उस ऐक्‍यूटली कंटैमिनेटड ज्ञान का अर्थ तो तुम्‍हारी समझ में आएगा ही नहीं। कभी होटलों के कूडे को उलटते पलटते कुत्‍तों और उनके साथ ही किसी क्षुधाकातर व्‍यक्ति को उस से पेट भरते देखा है । अपना ज्ञान उत्‍पादित न कर पाने, अपने पुराने ज्ञान से भी वंचित हम सबकी यही दशा रही है और दुर्भाग्‍य की पराकाष्‍ठा यह कि जिन्‍होंने इस अधोगति को समझा, इससे बाहर लाने का कोई प्रयत्‍न किया, उनसे घबरा कर उनको बदनाम करने या गुमनाम रखने में तुम सक्रिय रहे। है न लानत की बात । पर जानते हो इसका रहस्‍य । अपने विदेशी मूल पर गर्व करने वाले मुस्लिम समुदाय का वही तबका है जो न अपने इतिहास का सामना कर पाता है न वर्तमान का । दोनों पर दो तरह के पर्दे डाल कर अक्षरगाेपाल बड़बोलों की अक्षौहिणी तैयार करता है जिसकी दुष्‍प्रचार शक्ति के सामने हम मूक रह जाते हैं। वह इससे बाहर आना नहीं चाहता, क्‍योंकि इसी से उसे डूबने से बचने के लिए वह तिनका अपनी पहुँच में दिखाई देता है। वह तिनका जेम्‍स मिल ने दिया था कि पश्चिम सभी माममों में शेष जगत से श्रेष्‍ठ है और जो किसी देश के जितना ही पश्चिम है वह उससे उतना ही श्रेष्‍ठ है । और इस कल्पित श्रेष्‍ठता के तिनके इतने कमजोर हैं कि फूँक मारते ही उधिया जायँ फिर भी इन्‍हें ही तुम लौह प्राचीर मान बैठे थे और अपनी बौद्धिक बलि दे कर बचाने में लगे रहे हो, क्‍योंकि हमारे बीच जो स्‍थापित हैं वे इसी के बल पर स्‍थापित हैं और इसका रहस्‍य उजागर होते ही विस्‍थापित हो जाते हैं ।”
”तुम्‍हारी भँड़ास निकल गई ? कुछ बच रहा हो तो उसे भी सुनने को तैयार हूँ। पर मेरे सिवाय कोई दूसरा इसे सुनने और मानने को तैयार होगा? खैर, मानने को तो मैं भी तैयार नहीं हूँ फिर भी कुछ बकने को रह गया हो तो वह भी बक लो।”
”यहीं तो तुम जीत जाते हो यार । इस डेडलाक को मैं कभी तोड़ नहीे पाता हूँ। डेडलाक का मतलब जानते हो ? नहीं जानते होगे । तुम तो मुर्दा ताला कह कर छुट्टी पा जाओगे पर यह न समझोगे कि ताला मरता कैसे है? डेड लाक का मतलब है जंग लगा वह ताला जो चाभी को तोड़ दे पर खुलने का नाम न ले। तुम वही हो, और मैं वह चाभी जो अभी तक हारती ही आई है ।

Post – 2016-08-17

निदान – 22

तुम अंधेरे में देख लेते हाे
हम अंधेरों को देख लेते हैं

”तुम जिस तरह की निर्ममता से अपने तर्क रखते हो, एक पूरी की पूरी कौम को सन्‍देह के दायरे में खड़ा कर देते हो, तुम्‍हें कभी यह याद आता है कि इसे ही यहूदियों के सन्‍दर्भ में ऐंटी सेमिटिज्‍म कहते हैं, और कौम बदलने के साथ नाम न भी बदलो तो भी कभी सोचते हो कि उसी प्रवृत्ति को बढ़ावा दे रहे हो तुम। ”

”तुम भी इस तरह सोच सकते हो यह तो मैंने सोचा भी नहीं था, क्‍योंकि यही तो तुम लगातार करते रहे हो, ऐंटी हिन्‍दुइज्‍म और उसमें भी ऐंटी ब्राह्मनिज्‍म के अपने उस अभियान को भूल गये जिससे बेचैनी अनुभव करते हुए मैंने इस प्रवृत्ति की जड़ों को कई कोणों से तलाशना अारंभ किया तो पाया यह तुम्‍हारी चेतना में मुस्लिम लीगी कार्ययोजना के घर कर जाने के कारण है । सेक्‍युल‍रिज्‍म भारतीय सन्‍दर्भ में मुस्लिम लीग का दूसरा नाम है, जिसका अर्थ मुझसे पहले कोई जानता ही न था।”

”आधुनिक इतिहास में यह तुम्‍हारा इतना बड़ा योगदान लगता है कि तुम नोबेल प्राइज के निर्णायकों को भी अर्जी भेज चुके होगे।”

”पुरस्‍कार अर्जी देकर पाए जाते हैं, यह भी विश्‍व सभ्‍यता को तुम्‍हारा ही योगदान है। पुरस्‍कार पाने के लिए अपने समस्‍त साधनों के साथ लोग बिछ जाते हैं, इस तर्क के दबाव में, कि कुछ पाने के लिए कुछ खोना भी पड़ता है। और वे अपना आपा तक खो बैठते हैं।

”मुझे कुछ नहीं पाना है इसलिए खोना भी कुछ नहीं है। मेरे लिए सबसे बड़ा पुरस्‍कार यह होगा कि यह बात तुम्‍हारी समझ में आ जाए कि इतिहास लेखन निठल्‍ले छोकरों की मसखरी नहीं है जी बहलाने के लिए कुछ भी ऊटपटांग कह दिया, कुछ भी कर दिया करते हैं, इस खयाल से कि अगले को दुख होगा और वे उसका मजा लेंगे। बेकारीजन्‍य बोरडम से जूझने वाले उन छोकरों के मामले तो यह फिर भी क्षम्‍य है, पर तुम इतने साधन संपन्‍न हो कर भी यही काम करो और यह भी न ध्‍यान रखो कि बुरे काम का बुरा नतीजा होता है, नतीजा ऑंखों के सामने आने पर भी, यह सोच कर हैरानी होती है।

”ऐसे इतिहासकारों को इतिहास का निर्माता, विश्‍वविख्‍यात इतिहासकार, पेशेवर इतिहासकार कह कर इतना फुला देते हो कि वे भीतर के दबाव से फट जाते हैं और तुम बाहर के दबाव से सिकुड़ जाते हो। न फटने का बोध न सिकड़ने का अहसास, तुम स्‍वप्‍नजाग में चले गए हो यार । सोमनैम्‍बुलिज्‍म के शिकार हो। इतने सारे लोग, जिन्हें हमने अपने समाज की बौद्धिक जिम्‍मेदारियॉं सौंप रखी हैं, या जिन्‍होंने अपनी संगठित शक्ति से सोचने का अधिकार हमसे छीन रखा है, यदि इस अवस्‍था को पहुँच जाऍं तो उस समाज का वर्तमान और भविष्‍य क्‍या होगा। वर्तमान तो सामने है जो उनका ही रचा है और जिसकी जिम्‍मेदारी भी वे नहीं लेते, भविष्‍य तो हम भी नहीं जानते, क्‍योंकि इस बीच कुछ बदला भी है।

”स्‍वप्‍नजाग व्‍याधि के बारे में तुम्‍हें कुछ पता है या नहीं। तुम तो पावलोवियन रालप्रवाही रिफ्लेक्‍स ऐक्‍सन से आगे मनोविज्ञान में कोई रुचि रखते ही नहीं। मैं एक वास्‍तविक घटना के हवाले से तुम्‍हें बताता हूँ:
” एक आदमी था, वह सोता तो अगली सुबह पाता उसके सारे कपड़े गीले हैं। कुछ पता नहीं कि यह कैसे हा जाता है। बिस्‍तर का तो हाल न पूछो। यह किसी की समझ में नहीं आता था। उसका एक दोस्‍त या भाई जो भी समझो, एक रात जाग कर यह देखने लगा कि मामला क्‍या है। गहरी नींद में वह उठा, दरवाजा खोला, नदी की ओर चल पड़ा, पानी में उतर गया और तैरने लगा। मजे की बात यह कि तैरना उसे आता नहीं था। जी भर कर तैर कर बाहर निकला घर पहुँच गया, सो गया। दोस्‍त ने रहस्‍य तो जान लिया पर बताया नहीं। अगली रात फिर वहीं क्रिया, वह तैर रहा था तभी उसने उसका नाम ले कर पुकारा। उसकी नींद टूट गई और उसके बाद वह अपने को बचाने की कोशिशों के बाद भी बचा न सका। डूब गया। तुम लोगों से मैं इतना प्‍यार करता हूँ, कि चेतावनी देते और दिमाग सही करने की सलाह देते हुए भी डरता हूँ कि कहीं तुम्‍हारा वही हाल न हो। तुम्‍हारा नुकसान अकेले तुम्‍हारा नहीं है। तुम खुद भी डूबाेगे और समाज और देश को भी ले डूबोगे। नहीं, गलत कह दिया। वह नासमझी तो मोदी ने सबका साथ सबका विकास का नारा दे कर कर दी और उसके बाद ही तुम्‍हारे डूबने के आसार, तुम्‍हारी मृत्‍यु की चीत्‍कार आरंभ हो गई और तुम मंच पर हाजिर हो कर यह बयान भी दर्ज कर आए कि हॉं, यह मेरी ही आवाज है, यह मेरी ही चीत्‍कार है। यह… मैं .. ही …अपनी … तार्किक … परिणति … को …पहुँच … रा..रह… अ
आ …हूँऊँऊँऊँऊँऊँ।

”यार मैं भ्‍ाी हॉंकूँ जितना भी इतिहास के इस दबाव को समझ नहीं पाया। मैंने अपनी सीमा में काम करते हुए मुस्लिम लीगी मानसिकता को समझते हुए पाया कि यह अपने विदेशी मूल पर गर्व करने वाले और अपने ही धर्म समुदाय को तिरस्‍कार से देखने वाले उन रईसो की टोली की मानसिकता है जो अपने को श्रेष्‍ठ दिखाने के लिए हिन्‍दुओं और हिन्‍दुस्‍तानी मुसलमानों के इतिहास, मूल्‍यव्‍यवस्‍था, आचरण सबसे नफरत करता रहा है। और इनको अपना वफादार सिद्ध होने के लिए परीक्षाओं से गुजारता रहा है। धर्मान्‍तरित मेवाती राजपूतों का अनुभव याद करो तो समझ में आ जाएगा। जितना समझ में आया मैंने यह समझाने का प्रयत्‍न किया कि अपने क्षेत्र में कुछ कर न पाने के कारण तुमने भी पाश्‍चात्‍य शिक्षाप्राप्‍त बौद्धिक वर्ग में और उसके संचार माध्‍यमों से भारतीय समाज से ही घृणा के प्रसार में सहयाेग करना आरंभ कर दिया। देखो, मैं यहां समुदाय की नहीं, समाज की बात कर रहा हूँ। इसे धर्म रेखा में बॉंट कर मत देखाे, विेदेशी मूल पर गर्व करने वालों और देसी मूल के लोगों में बॉंट कर समझने में अधिक आसानी होगी। जिनकी जड़े तथाकथित दक्षिण एशियाई भूभाग में नहीं हैं और इसलिए जो हमारी जड़ों को नहीं जानते, अपनी जड़ों को मिटा कर आए थे, फिर भी उससे एक काल्‍पनिक मोह बना हुआ है, इसलिए वे उससे जुड़ने के लिए पान इस्‍लामिज्‍म की बात करते हैं और अपने ही देश के लोगों को, जो हिन्‍दू हों या मुसलमान, अपनी जमीन से उच्‍छेदित करने के लिए प्रयत्‍नशील होते हैं, वे उन विदेशियों के एजेंटों जैसे हैं, जिनको बाहर से कुछ मिलता है, कुछ नहीं तो भावनात्‍मक सन्‍तोष। वे इस जमीन के न थे, न इससे जुड़ पाए, यह उनकी समस्‍या थी, परन्‍तु यह किन्‍हीं भी परिस्थितियों में इस्‍लाम कबूल करने को बाध्‍य हुए लोगों पर अपना विदेश तो नहीं थोप सकते, जिनका जन्‍म यहीं हुआ, जिनको जुड़ने के लिए केवल अपना देश है, अन्‍यत्र वे हिन्‍दी ही कहे जाते हैं।”

”तुम हिन्‍दूवाद की जगह हिन्‍दीवाद चलाना चाहते हो ।”

”यदि चल जाय तो । जब मैं तुम लोगों को मुस्लिम समुदाय के उस रईस तबके के करीब पाता हूँ जो अपने ही समाज के बाकी हिस्‍सों को ओछी नजर से देखते थे और अपने प्रति स्‍वामिभक्ति की कष्‍टसाध्‍य शर्ते रखते हुए उनमें उत्‍तीर्ण होने की चुनौती देते थे, तो यह मेरा आविष्‍कार नहीं था। मात्र अवलोकन था। आम जनों की भाषा, उनके विश्‍वास, उनके जीवनमूल्‍य, उनके उल्‍लास और विषाद सभी से दूर और ऊपर, रईसों वाले उसी दायरे का निर्माण तुमने अपने बौद्धिक अाभिजात्‍य के नशे में किया जिससे वह आन्‍तरिक उपनिवेशवाद स्‍थापित हुआ जो भारत और भारतीयता से परहेज करता है और विचार से लेकर कलामूल्‍य और जीवनमूल्‍य और मूल्‍यवान वस्‍तुएं तक विदेशों से मंगा कर गौरव अनुभव करता है।

”अब मैं तुहारे उस आरोप को लूँ जिसमें अात्‍मप्रक्षेपण के दबाव में तुम मुझ पर ऐंटी सेमिटिज्‍म या ऐंटी इस्‍लामिज्‍म का आरोप लगा रहे थे तो यह समझ लो कि एंटी- विसर्ग वाले शब्‍द अारोप, अभियाेग या गालियॉं हुअा करते हैं। उनमें विश्‍लेषण विवेचन नहीं होता। घृणा का प्रसार होता है, जिसकी उत्‍कटता विवेचन से कम हो जाती है। इन शब्‍दों का प्रयोग करने वाले के पास तर्क नहीं होते, इसलिए वह केवल आरोप लगाता और गालियों की भाषा में बात करता है और गालियों तक को संस्‍कृति और स‍ाहित्‍य में रूपान्‍तरित कर देता है। नहीं, साहित्‍य और संस्‍कृति को भी गालियों के स्‍तर पर उतार देता है। तुमने यही किया और यह जान तक न सके कि क्‍या कर रहे हो। मुझे किसी पर कोई आरोप लगाते या किसी के लिए अयुक्‍त लांछन लगाते समय तो पीड़ा होती ही है, जहाँ इसके पर्याप्‍त कारण होते हैं, वहॉं भी लांछन लगाने की जगह कारण की तलाश करता हूँ, जिससे अपनी व्‍याधि को समझने और उससे उबरने में उसे भी मदद मिले और जब तक वह व्‍याधि बनी रहती है तब तक परहेज या बचाव की चिन्‍ता हम भी करें, अन्‍यथा उसी व्‍याधि से हम भी ग्रस्‍त हो जाएँगे।’

Post – 2016-08-16

निदान -21

और भी तीर हों तरकश में तो आने दो उन्‍हें

”तुम सच सच बताना, तुम भी जानते हो, जब से भाजपा का शासन आया है तब से हिन्‍दुत्‍ववादी शक्तियों का मनोबल बढ़ा है और कई अनपेक्षित घटनाऍं घटित हुई है। इसी अनुपात में दूसरों की आशंकाऍं भी प्रबल हुई हैं । ऐसे में तुम ईसाइयों और मुसलमानों की इतनी तीखी आलोचना करते हुए और हिन्‍दू मूल्‍यों और इतिहास का जयकारा लगाते हुए उन शक्तियों को प्रबल बनाने और समाज की अस्थिरता बढ़ाने का काम नहीं कर रहे हो ? यही तुम्‍हारा देश प्रेम है ?

”तुम भ्‍ाी मानोगे कि यह न समाज के लिए सही है न देश के लिए और यदि ऐसा है तो फिर अपनी ही नजर में एक गलत काम करके तुम इस उम्र में क्‍या हासिल करना चाहते हो। तुम अपनी इच्‍छा बता दो, मैं चन्‍दा करके तुम्‍हारी वह इच्‍छा पूरी करने का इन्‍तजाम करूँगा । अपनी मूर्ति बनवाने को कहोगे तो वह भी बनवा दूँगा यार, भले वह तुम्‍हारी औकात को देखते हुए अँगूठे बराबर ही बन पाए ।”

”तुम सचमुच मेरी इच्‍छा पूरी करना चाहते हो ? वचन दो तो बता देता हूँ और इसे पूरा करने के लिए तुम्‍हें किसी के सामने हाथ पसारने की भी जरूरत न होगी।”

”पहले बताओ तो सही। उसके बाद पूरी न कर पाऊँ तो कहना।”

”इस उम्र में भी मेरी एक ही इच्‍छा है और मुझे डर है कि मेरे मरने के दम तक वह अधूरी ही रह जाएगी। मेरी इच्‍छा यह है कि तुम अपनी ऑंखों से देखना और दिमाग से सोचना आरंभ करो । आदमी बन कर रहो, खिलौना बन कर नहीं। यदि अपनी ऑख और दिमाग का इस्‍तेमाल करने लगे तो तुम्‍हें स्‍वयं दिखाई देगा कि उत्‍तेजना पैदा करने वाली बाते, शान्ति भंग करने वाले काम कौन कर रहा है और क्‍यों कर रहा है? तब तुम्‍हें दिखाई देगा आज तक जिस भाषा में कुछ कहना तक तुम्‍हें अभद्रता प्रतीत होता था, हवास खो कर वह भाषा तुम क्‍यों बोलने लगे? तुम्‍हारे प्रतिवाद में भी जिन तत्‍वों की चर्चा मैंने की थी उनकी बदजबानी को छोड़ कर न किसी ने किसी तरह की उत्‍तेजना पैदा करने वाली बात की न ही ऐसा कोई काम किया। तुमको पता है आज ही एक सज्‍जन ने एक ऑंख खोलने वाली बात की। कश्‍मीर से इतने लाख हिन्‍दू निकाले गए या पलायन करने को विवश हुए, उनमें से एक भी उपद्रवकारी नहीं हुआ, और … छोड़ो, मैं जो कहना चाहता था उसका संदेश तुम तक पहुँच गया होगा। अकारण और विकास के कामों को आरंभ करने के साथ यह सब कहॉं से , किसकी योजना से आरंभ हो गया। उत्‍तर तुम्‍हें देना है कि तुम उन योजनाकारों के साथ हो या देश के विकास और सबके हित के साथ। जवाब तुमको देना है कि तुमको सब कुछ उल्‍टा उल्‍टा दिखाई क्‍यों देता है ?

”तुम कहते हो मैं मुसलमानों की तीखी आलोचना करता हूँ । मामला बीमारी का होता या गैंगरीन का होता तो तुमको शिकायत होती तुमने इतनी तीखी चीरफाड क्‍यों कर दी। मैं केवल यही कहता कि इसके बिना बीमारी से मुक्ति नहीं पाई जा सकती थी। मैं अपने मरीज को संकट से उबारना चाहता था। हॉं मिशनरी ईसाइयत के बारे में, उन मानवाधिकार संगठनों के बारे में और ऐसे गैरसरकारी संगठनों के प्रति जो विदेशों से पैसा पाते हैं मैं बहुत शंकालु हूँ। उनका मुसलमान या ईसाई होना भी जरूरी नहीं है, हिन्‍दुओं में उनकी संख्‍या कहीं ज्‍यादा है। यदि ऐसे संगठन मुसलमानों में भी हैं तो उनके प्रति भी उतना ही शंकालु और उनके उच्‍छेदन तक का समर्थक हूॅ, क्‍योंकि पैसा देने वाला अपने किसी काम के लिए पैसा देता है और पैसा पाने वाले उस काम को अंजाम तक पहुँचाने में अपनी जान लड़ाकर अधिक से अधिक पाने की कोशिश करते हैं। अभी कल ही पन्‍द्रह अगस्‍त था, जानते हो पन्‍द्रह अगस्‍त का ऐसा कौन सा हीरो है जिसका नाम और शब्‍द चारों ओर गूँजते रहते हैं ?”

”एक नहीं तीन की बात करो, गांधी, नेहरू और भगत सिंह।”

”मैं जानता था, दिमाग जिनके पास नहीं होता वे भी तोतों की तरह रटे हुए जुमले बोल लेते हैं और दिमाग से काम न लेने वाले भी ऐसा ही करते हैं। जिस व्‍यक्ति का नाम और जिसके शब्‍द पूरे वातावरण में छाए रहते हैं उसका नाम है प्रदीप। स्‍वतन्‍त्रता दिवस का महानतम कवि और बाद में दिनों में भुला दिया जाने वाला। केवल मुझ जैसों को वह पूरे साल याद रहता है । अभी जिन लोगों का मैंने नाम लिया उनकी याद आते ही उसकी वह पंक्ति, ‘सँभल के रहना अपने घर में छिपे हुए गद्दारों से।’ याद आ जाती है। विदेशी पैसे पर पलने और शहीदाना तेवर अपनाने वाले ये लोग देश के साथ केवल अपघात कर सकते हैं और करते आए हैं, परन्‍तु मुद्दा ऐसा अपनाऍंगे कि ऑंख में ऑंसू छलछला आए, किसी गरीब और काम काज में फँसी माँ से उसका बच्‍चा किराए पर लेकर और उसे भूख से अर्धमूर्छित रख कर, कन्‍धे से चिपकाये चौराहों पर भीख माँगती औरतों की तरह । तुम जानते हो, शक भी करते हो और फिर भी तुम्‍हारा जी पिघल जाता है, और हाथ जेब की ओर चला ही जाता है। ताे उनके बारे में तो मैं आक्रामकता ही हद तक मैं अनुदार हूँ । एकता की किसी भी अवधारणा में अपराधियों और देशघातियों के साथ एकता की हिमायत नहीं की जा सकती।

”परन्‍तु सामान्‍य ईसाइयों और आम मुसलमानों में मेरे उतने ही मित्र और हितैषी हैं जितने हिन्‍दुओं में और सबसे अधिक तो उन सेक्‍युलरिस्टों में जिनकी खिंचाई न करूँ तो खाना हजम न हो, क्‍योंकि उनकी नेकनीयती पर मुझे पूरा भरोसा है और समझ पर बहुत कम। इसलिए बहस के लिए उन कमियों को उजागर करते हुए यह भी आशा करता हूँ कि वे जहॉं मुझसे चूक हो रही हो वहॉं उतनी ही निर्ममता से मेरी खिंचाई करेंगे, परन्‍तु कार्यकारण समझाते हुए । यह हमारे हित में है । यदि हमें प्रेम से साथ रहना है तो झूठे बहानों और शातिर इरादों से बचते हुए ही समझदारी और प्रेम पैदा किया जा सकता है। पर्दे उतार कर पर बेपर्दा हो कर नहीं।

”तुमको यह तो समझना था कि यह सब अकारण नहीं होने लगा है। तुम तो पहले दिन से जो मोदी की पूँछ पकड़ कर लटके तो उसके साथ घिसटते ही चले जा रहे हो। घिसटते हुए आदमी को कहाँ क्‍या हो रहा है दीख नहीं सकता, क्‍यों हो रहा है समझ में आ नहीं सकता और तुम मुझे ही ऑंखे खोलने और दिमाग से काम लेने की सलाह दे रहे हो।”

”और तुमने पहले ही दिन से हंगामा मचाना शुरू किया तो रुकने का नाम ही नहीं लिया आैर सारी दुनिया को यह भी बता रहे हो कि देखो हंगामा हो रहा है। हंगामा करने वाले भी तुम, उससे डरने वाले भी तुम और दुनिया को बताने वाले भी तुम कि लोग हंगामे से डर कर भागना चाहते हैं पर दहशत ऐसी है कि भाग भी नहीं पाते। मजेदार है यार!

”आओ जरा पहले दिन पर लौटें जिस दिन, तुम ठीक ही कह रहे थे, कि मैं मोदी के साथ खड़ा हो गया था और तब से अब तक मुस्‍तैदी से साथ खड़ा हूँ और तुम्‍हारे निमन्‍त्रण और धौंस के बावजूद कि अपना भला चाहता है तो तूू भी हमारे साथ हो कर हंगामा मचा, मैं तुम्‍हारे इरादों, मजबूरियों और बेवकूफियों को उजागर करता रहा । मेरा पहला प्रश्‍न, ”तुम क्‍या उन हालात से खुश थे जिनमें पूरे देश का कांग्रेस से मोहभंग हो गया था ?”

”जब कोई खुश नहीं था तो मैं क्‍यों खुश हो लेता।”

”फिर उपलब्‍ध विकल्‍पों में से देश ने एक के पक्ष में भारी समर्थन प्रकट किया था, उस समय कोई दूसरा विकल्‍प उपलब्‍ध था ?”

वह कुछ सोच में पड़ गया, कुछ देर डूबते उतराते रहने के बाद बोला, ”विकल्‍प उपलब्‍ध नहीं था, इसलिए क्‍या सत्‍ता को फासिस्‍ट ताकतों के हाथ में सौंप कर निश्चिन्‍त हो जाता ?”

”तुम्‍हारी यह आशंका उस व्‍यक्ति के किसी कथन या कार्य से सच साबित हुई?”

”तुम नहीं समझोगे ये बातें, ये मासूम चेहरा बनाए भीतर अपने घिनौंने इरादों को छिपाये रखते हैं और फिर जब एक्‍शन में आते हैं तो हम सिर पीटते रह जाते हैं कि हम समय रहते सचेत नहीं हुए।”

”और तुम्‍हारी सचेतता का प्रमाण है कि तुम ऐसे समय में जब विकल्‍प बिल्‍कुल गायब है, अराजकता पैदा करने के लिए हंगामा कर रहे थे और आज तक कर रहे हो और उसके किसी काम से नहीं अपनी हंगामे से ही असुरक्षित अनुभव कर रहे हो कि तुमने अब तक जो अनाप शनाप बका है उसका बदला वह ले सकता है। अर्थात् अपने ही कु‍कर्म के कल्पित दुष्‍परिणाम से डरे हुए हो, न कि उसके किसी काम से। वह जुड़ने और साथ आगे बढ़ने की बात करता है तो तुम कहते हो हमें पीछे रहना पसन्‍द, पर तुम्‍हारे साथ जुड़ कर आगे नहीं बढ़ सकते। उल्‍टे तुम्‍हारे जोड़ने और मिलाने की योजनाओं को ध्‍वस्‍त करने की हर संभव कोशिश करेंगे। गलत कहा ?”

वह कुछ बोला नहीं।

”यह बताओ किसी मौलबी मुल्‍ला ने यह कहा कि वह असुरक्षित अनुभव कर रहा है, या यह कि यह फासिस्‍ट शासन है या इसका अन्‍त फासिज्‍म में होगा ?”

”कहेंगे कैसे अपनी जान जोखिम में डालनी है।”

”तुम्‍हारी जान को कोई खतरा नहीं है यह जान कर तुम उनसे आगे बढ़ कर फासिज्‍म फासिज्‍म चिल्‍लाते हो कि तुम्‍हारे समर्थन से वे भी ऐसा करने लगें ?”

वह फिर सोच में पड़ गया ।

”मुझे सलमान रश्‍दी का लेखन टुकड़ों में पसन्‍द है और सैटेनिक वर्सेज तो कतई नहीं, फिर भी यह बताओ, उस किताब को बैन करने का सुझाव किसी मुल्‍ला का था या तुम लोगों का ?”

”इससे क्‍या फर्क पड़ता है । मुल्‍ला मौलवी उपन्‍यास पढ़ते हैं क्‍या ?”

”गरज कि पहले मुल्‍ला मौलवी मुस्लिम समुदाय का नेतृत्‍व करते थे, अब तुम लोग करने लगे हो। तुम इतना आगे बढ़ चुके हो कि खुमैनी को भी रास्‍ता दिखा सकते हो ।”

”बाबरी मस्जिद के सवाल पर कोई मुल्‍ला पहले आया था या तुमने बाबरी ऐक्‍शन कमेटी बनाई थी और उसमें कुछ मुल्‍लों को शामिल होना पड़ा ?”

”क्‍या तुम उसे गिराने का समर्थन करते हो, उचित ठहराते हो ?”

”यह सवाल है ही नहीं, इसका जवाब मैंने उसके गिराए जाने से पहले दे दिया था और यह भी बताया था कि तुम्‍हारी नादानी के कारण यह गिर कर रहेगी, क्‍योंकि तुम जो तथ्‍य है उसे नकार रहे हो, जब कि तुम्‍हें सरकार को पुरातत्‍व के स्‍थलों की सुरक्षा की जिम्‍मेदारी दे कर उसे संभावित परिणामों के लिए उत्‍तरदायी बनाना था। परन्‍तु इस समय मैं नेतृत्‍व की बात कर रहा हूँ । तुम्हारे ऊपर यह अभियोग लगा रहा हूँ कि मुस्लिम कठमुल्‍लावाद का बौद्धिक नेतृत्‍व आज मुल्‍ले नहीं कर रहे हैं, सेक्‍युलरिस्‍ट कर रहे है और विश्‍वास न हो तो अलीगढ़ विश्‍वविद्यालय में कुछ महीनों पहले इरफान हबीब का वह भाषण पढ़ लेना जिसमे उन्‍होंने आइएस की तुलना वैदिक आर्यों से की थी और जिसकी हरबंस मुखिया ने भी ताईद किया था ऐसा कुछ याद आ रहा है और जिस पर मैंने उन दिनों व्‍यंग्‍य करते हुए एक गजल भी लिखी थी। जिस बात को सुन कर कानों पर हाथ लगा कर भागने की बात कर रहा था वह यह सचाई है । संक्‍युलरिज्‍म का आइ एस से बनता हुआ चोली दामन का संबन्‍ध और तुम्हारी सारी हुड़दंग को मैं इसी शरारत का हिस्‍सा मानता हूँ।”

उसका चेहरा लाल हो गया और वह उठ कर बिना कुछ बोले चल दिया ।ह

Post – 2016-08-15

निदान – 20
सितम को यदि रहम कहना पड़े तो उनको क्‍या कहिए

”व्‍यंग्‍य विनोद में लोग संतुलन का ध्‍यान नहीं रख पाते, कई बार शालीन लोगों के मुँह से भी विनोदवश अभद्र टिप्‍पणियॉं सुनने को मिल जाती हैं, फिर इनका चलन सा हो जाता है। बोलने से पहले लोग अधिक सोच-विचार नहीं करते। इतने ही से तुम इतने खिन्‍न हो गए कि यह सोच लिया कि इन्‍हें गिनाओगे तो मैं दोनों कानों पर हथेली लगा कर भाग खड़ा होऊँगा?”

”अभी तो उस प्रकरण को मैने हाथ ही न लगाया। उसकी भूमिका बना रहा था। और जिसे तुम असावधानी से निकला कथन मान रहे हो वह होता तो है। यहॉं भी वही होता तो मैं उसकी नोटिस ही न लेता। इसके पीछे इतनी सोची समझी योजना है जिसे देख कर हैरानी होती है कि इसे कितने लोगों की सहमति से तैयार किया गया था, या किस आला दिमाग ने इसे तैयार किया था कि बाद के लोगों ने इस पर अमल शुरू कर दिया पर कुछ भी बदलने की जरूरत ही न समझी। जरा इन तथ्‍यों पर ध्‍यान दो:
1. पारसी मत जाे वास्‍तव में अहुर मज्‍दा या असुर महान का अग्निपूजक मत है, उससे इस्‍लाम की पुरानी दुश्‍मनी है। उसी के अत्‍याचारों से घबरा कर जो पारसी भाग कर भारत आ सके आ गए। भारत में उनकी असाधारण आर्थिक प्रगति और स्‍वीकार्यता के अब यदि तुम्‍हारे दृश्‍य माध्‍यम में किसी पारसी का चित्रण होता है तो वह एक मिमियाने वाला, निहायत कंजूूस और फितरती और भरोसे अे अयोग्‍य दिखाया जाता है।
2. ईसाइयों में स्त्रियों को अधिक छूट बहुत पहले से मिली हुई है । यह इस्‍लामी परदा प्रथा के सामने एक चुनौती है। कहॉं हिजाब कहॉं मिनी स्‍कर्ट पर नाज। हाल के दिनों में ईसाई देशों में स्त्रियों परदे और शर्म की बेडि़यॉं जिस तरह तोड़ी हैं, वह प्राचीन भारत में की मुक्‍त स्त्रियों को हासिल था। सबको नहीं। मुसलिम स्त्रियों में से अस्‍सी फीसद हिकारत के डर से इसे स्‍वीकार कर लेती हैं, फिर इस पर गर्व करने लगती हैं, और मुस्लिम पुरुषवर्ग की मूल्‍यचेतना आ आभ्‍यन्‍तरीकरण करके इसका ध्‍यान न रखने वालों की आलोचना करने लगती हैं। चलो यह उनकी बात हुई। पर इसके कारण ही ईसाई लड़कियों को तुम्‍हारे चित्रों में चालबाज, नशीले पदार्थों की तस्‍करी में लिप्‍त, फ्लर्ट और बेशर्म के रूप में चित्रित किया जाता रहा।
3. हिन्‍दी भाषी परिवार में भी विवाहादि के प्रसंग में पंडित को चंन्‍दन चर्चित दिखाने के साथ उसे दाक्षिणात्‍य इसलिए ही नहीं दिखाया जाता रहा कि उसका हिन्‍दी या संस्‍कृत का उच्‍चारण कुछ हास्‍यकर हो जाता है, इसका एक कारण यह था कि दक्षिणभारतीय ब्राह्मण उच्‍च शिक्षा प्राप्‍त और उच्‍च पदों पर नियुक्‍त होते हुए भी अपने चंदन टीके का सम्‍मान करते थे और काम काज की जगहों पर भी उसी वेश भूषा में जाने में झिझक अनुभव नहीं करते थे। यह मेरा खयाल है, हो सकता है यह गलत हो।

अब तुमको लगेगा, जिस सशक्‍त संचार माध्‍यम में अपनी आला दर्जे की प्रतिभाओं को झोंक कर या उन्‍हें रहस्‍यमय संचार प्रणाली से आमन्त्रित करते हुए इसे उर्दू सिनेमा बनाने का प्रयोग किया गया, वह भाषा तक सीमित नहीं था, न कास्‍ट में पहले उर्दू और फिर अंग्रेजी के चलन तक, सीमित था। इसकी अन्‍तर्वस्‍तु को मुस्लिम लीगी मंसूबों के अनुरूप रखा गया।

” एक गुंडे को कृतघ्‍न हिन्‍दू से उसकी उपेक्षा और अपमान सहते हुए भी उसका परम हितैषी बनाना मात्र एक खयाल नहीं है, इसके पीछे तुम मुहम्‍मद अली के व्‍याख्‍यान की उस पंक्ति का मंचन देख सकते हो जिसमें उन्‍होंने कहा था कि एक पतित से पतित मुसलमान गांधी जैसे हिन्‍दू से भी अच्‍छा होता है और जिस तरह गांधी जी ने उसका बुरा नहीं माना था उसी तरह हिन्‍दू समाज ने, जिसे तुम आतताइयाें का समाज सिद्ध करने पर अपनी संगठित प्रतिभा लगा देते हो, उसने इसको कभी मुद्दा न बनाया न कोई उपद्रव इस चित्रण को ले कर हुआ। उसमें उसने प्राण या नाना पाटेकर की अदाकारी का ही आनन्‍द लेता रहा । इसमें दुहरी समझदारी थी। तुम्‍हारी योजना के अनुसार यदि वह उद्वेलित हो जाता तो समस्‍त संचार माध्‍यमों पर एकाधिकार रखने के कारण तुम इसका महीनों ढोल बजाते हुए कि इनको कला की समझ नहीं है, देखों, ऐसे अभिनेताओं को भी जो जन्‍म से हिन्‍दू और विश्‍वास से हिन्‍दू हैं, ये हिन्‍दुत्‍व का शत्रु बताते हुए कला पर ही बन्दिश लगाने का अभियान चला रहे हैं। इसी आधार पर हिन्‍दुओं को उपद्रवी सिद्ध करते रहते और पढ़े लिखों में बहुतों काे यह सही भी लगता, विदेशों में जहॉं हिन्‍दू विरोध ईसाइयत के प्रसार का हिस्‍सा है, वहॉं इसकी इतनी खपत होगी कि प्रचार करने वालों के गले तक चांदी भर दी जाएगी। इसलिए तुम्‍हारे इरादों को भॉपे बिना ही, अपने सहज बोध से उसने ऐसे उकसावों को लगातार विफल ही नहीं किया, अपितु कलात्‍मकता के प्रति अपने परंपरागत सम्‍मान की भी रक्षा की जिसमें यदि नग्‍न चित्रण, मैथुन की मूर्तियों को भी झेल गया जो उसक आदर्श इन्द्रिय निग्रह के अनुरूप नहीं थी। कलात्‍मक स्‍वतंन्‍त्रता के प्रति ऐसी सहिष्‍णुता, कामशास्‍त्र के रचनाकार के विशद ज्ञान, अनुभव और उसके प्रतिपादन पर उसे मुनि का सम्‍मान देने वाले समाज को तुमने समझा ही नहीं। उसे जानने का प्रयत्‍न तक नहीं किया और, बुरा तो न मानोगे, यदि मैं कहूँ कि भारतीय संस्‍कृति की जड़ों काे न जानने के कारण, तुम सांस्‍कृतिक गुंडों के रूप में अपनी दादा गिरी चलाते रहे और जो तुम सही मानते थे उससे तनिक भी विचलित हाेने को तैयार न थे।”

उसने मुझे कुठाॅव मारा, ”बौद्धि‍क बहस अब इसी भाषा में और इसी स्‍तर पर चलेगी? मेरी नीचे की साँस नीचे, ऊपर की ऊपर, कुछ कहते बने ही नहीं। मैंने अपनी गलती स्‍वीकारी। पर तभी यह याद आया कि यह गलती हुई क्‍यों। चेतना के उपस्‍तरों में बहुत कुछ ऐसा संचित होता है जो हमारे अनजाने ही हमारे कथन को किसी दिशा में मोड़ देता है। इसका ध्‍यान आने पर मैने कहा, ”यह उक्ति मुझे एम हुसेन के उच चित्रों के कारण मन में संचित आवेग के दबाव में निकल पड़ी जिसमें उन्‍होंने सरस्‍वती को गधे की पूँछ पर नंगी बैठी दिखाना आरंभ किया। मैंने इसका अध्‍ययन नहीं किया है, पर सन्‍देह है कि बाबरी मस्जिद के गिराए जाने की प्रतिक्रिया में आरंभ हुआ हो। यह एक टेढ़ा सवाल है और मेरे अज्ञान के कारण अधिक टेढ़ा फिर भी जो लोग कलात्‍मक स्‍वतन्‍त्रता को उस सीमा तक ले जाना चाहते थे कि एक बड़ा कलाकार अपनी अभिव्‍यक्ति के लिए कुछ भी करने को स्‍वतन्‍त्र है वे न कला की समझ रखते हैं न महानता की। मैं यह मानता आया हूँ कि बड़ा कलाकार समाज से बड़ा नहीं हो सकता और समाज की संवेदनात्‍मक तरंगों से यदि वह परिचित नहीं है तो बड़ा कलाकार हो ही नहीं सकता। खैर यह एक अलग विषय है हम नाहक इसमें उलझ गए।

”मैं कहना चाहता हूँ कि यह हिन्‍दू समाज इतना परिपक्‍व है और रहा है फिर भी यह कह कर कि यह अ‍सहिष्‍णु है, तुम लगातार सूइयॉं चुभाते रहे हो और इसके कारण उसके कुछ लाेग जिनकी पचहान भी उनकी पुरातनपंथिता से जुड़ी है, क्षुब्‍ध हो कर असंयत कथन अवश्‍य कर बैठते हैं, क्‍योंकि वे तुम्‍हारी तरह शातिर नहीं हैं। तुम्‍हारा ध्‍यान केवल उनके बयानों की ओर जाता है जब कि सामान्‍य हिन्‍दू समाज उनको महत्‍व नहीं देता और यह उपेक्षा उन्‍हें और क्षुब्‍ध करती है जिससे अपनी प्रासंगिकता की तलाश में वे अ‍ौर भी आक्रामक तेवर अपनाते हैं पर वह जबान से आगे नहीं बढ़ती।

”परन्‍तु इसे ही प्रमाण बना कर तुम हिन्‍दू समाज में असहिष्‍णुता बढ़ने का प्रचार आरंभ कर देते हो। हमारा एक प्रसिद्ध पटकथाकार कहता है हॉ आज असहिष्‍णुता जितनी बढ़ गई है उसमें वह शोले का वह डायलाग नहीं लिख सकता जिसमें धर्मेंन्‍द मन्दिर के पीछे से हेमा मालिनी को फॅसाने के संवाद बोलता है। यह काल्‍पनिक आरोप है और इसलिए एक तरह का पिनप्रिक भी, क्षोभ पैदा करने वाला भी।”

”तुम देखो तो किन परिस्थितियों में प्रकट की गई आशंका है यह । उसी से पहले वह दादरी कांड हुआ था।”

”मैं उस कांड पर न जाऊँगा अन्‍यथा भटक जाऊँगा, पर मुझे सन्‍देह है कि छोटे से छोटे विचलन को उसी की समकक्षता में रख कर असुरक्षा का वातावरण तैयार करने वाले असुरक्षा बढ़ाने के लिए अधिक सक्रियता से काम कर रहे हैं, क्‍योंकि वे इसे एक औजार के रूप में उस प्रशासन के विरोध में इस्‍तेमाल करना चाहते हैं जिससे उन्‍हें डर लगता है।

”उन्‍हें पता है और पहले से पता था कि हिन्‍दू समाज अपने देवताओं के प्रकोप से नहीं डरता। वह उनके साथ मित्र या पुत्र भाव से छेड़छाड़ भी कर लेता है और इसलिए इस तरह की चुहल का आनन्‍द लेता है। यदि आप यह सोचते हैं कि ऐसा चित्रण उसे आहत करता है परन्‍तु बहुत अधिक नहीं, इसलिए पहले इसे सहन कर लिया जाता था, और यह जानते हुए आप ऐसा करते रहे हैं तो यह विनोद भी अपराध था।”

”तुमसे तो भई परमात्‍मा ही बचाए। किसी चीज को अनुपातहीन ढंग से कहॉं तक बढ़ा सकते हो। इसी तरह की व्‍याख्‍याओं से तो समाज में विक्षोभ पैदा किया जाता है और शान्ति और व्‍यवस्‍था के लिए खतरा पैदा हो जाता है।”

”तुम्‍हारी अनुपात की बात से मैं भी सहमत हूँ बारीक मीमांसा में जब प्रथम दृष्‍ट्या निश्‍छल प्रतीत होने वाली किसी परिघटना में शरारत नजर आने लगे तो कुछ मामलों में यह विवेचन के दोष के कारण भी हो सकता है।

”परन्‍तु यह जो तुम्‍हारा प्रगतिशील लेखक संघ है, याने प्राग्रेसिव राइटर्स एसोशिएशन, उर्दू में भी इसका एक नाम है तरक्‍की पसन्‍द मजलिस या अजुमने तरक्‍की या जो भी हो, इसने मुस्लिम समाज में तरक्‍की का कौन सा मुहिम चलाया, तुम बता सकते हो ?”

”इसी तरह के सवाल रह गए हैं तुम्‍हारे पास ?”

”कमाल के आदमी हो, सवालों से भी डरने लगे। चलो छोड़ो, तुम्‍हारा यह जो प्रगतिशील संघ रहा है, इसने समाज में ब्रहम समाज, आर्य समाज की तुलना में सामाजिक चेतना के विकास में कितनी कम या अधिक भूमिका निभाई है ?”

”तुम बोर बहुत करते हो यार। उठा जाय ।”

”मैं बोर नहीं करना चाहता, मैं तुम्‍हें याद दिलाना चाहता हूँ कि ‘एक धनवान की बेटी ने निर्धन से नाता तोड़’ लिया जैसी छैलों वाली सोच से तुम चौकाने वाली हवाई बातें करते रहे और यह भी नहीं समझ सके कि इससे आर्थिक दीवारे समाप्‍त नहीं होती हैं और उसने ऐसा फैसला किया तो ठीक ही किया। प्रगति की बात आर्थिक सन्‍दर्भ में नहीं सामाजिक और सांस्‍कृतिक सन्‍दर्भ में ही सार्थकता रखती है और इस मामले में तुम्‍हारा योगदान नकारात्‍मक रहा। समाज को समझे बिना अपने हुक्‍म से परिवर्तन कराने चलते हो और इसके परिणामों से आहत होते हो तो क्रान्तिकारी तेवर अपना लेते हो।

”परन्‍तु मैं जिस बात पर तुमको कान पकड़ कर भागने की बात कर रहा था वह यह है कि तबलीगी प्रभाव में क्रमश: अधिक सेक्‍युलर या हिन्‍दूद्रोही सिद्ध होने के चक्‍कर में तुमने मुल्‍लाओं को पीछे छोड़ दिया और उनसे आगे बढ़ गए। अभी यहीं तक पहुँचे हो कल का भविष्‍य मैं आज बताने चलूँ तो गलती की कुछ गुंजायश फिर भी रहेगी इसलिए उससे बचना चाहूंगा। इस पर विचार करना और न समझ में आए तो बताना, मैं तुम्‍हें समझाऊँगा। गो जरूरी नहीं कि तुम समझ ही जाओ।”

Post – 2016-08-15

सुबूही

कुछ न कहता हूँ लोग कहते कुछ न जानता है
कह रहा हूँ तो समझते हैं जानकार भी हूॅ ।
उनकी मर्जी की कह दिया ताे जान देते है
कुछ अलग कह दिया कहते हैं गुनहगार भी हूॅा।
सही लोगों के बीच कितना गलत हूँ सोचो
उनको समझाऊँ तो ‘दुश्‍मन का तरफदार भी हूँ।’
फिर भी इन खतरों से गुजरे तो जिन्‍दगी जी है
वर्ना तो मौत के पिजड़ में गिरफ्तार भी हूँ।
चलो भगवान से पूछें कि सच गलत है क्‍या।
‘जवाब का मै मुन्‍तजिर हूँ, तलबगार भी हूंँ।’
13 अगस्‍त 16

यूँ ही आँखों में आ गए ऑंसू
बात तो आपके मिजाज की थी ।
हुआ जाहिर जिसे छिपाना था
बात माजी की न थी, आज की थी।
कुछ तो सोचें कि क्‍या कहेंगे लोग
तब लड़ाई तो तख्‍तो ताज की थी।
आज भी ख्‍वाब वही हों बाकी
तब तो यह सख्‍त ऐतराज की थी।
14 अगस्‍त 16

Post – 2016-08-14

निदान ‘ 19

सेक्युलरिज्म का भारतीय पर्याय

”तुम कल जब सलाह दे रहे थे विश्व द्रोही और मानवद्रोही भावधारा से परहेज करने की तो क्या अपने ही विश्ववाद को थोथा नहीं साबित कर रहे थे ? यार तुम उदारता की बात करते हो तो उसके भीतर से भी तुम्हारी संकीर्णता उजागर हो ही जाती है। उदारता है तो सबको समान समझो, सम्माान दो, न कि अलग करो।”

“मैं जानता था यह बात तुम्हें चुभेगी, क्यों’कि यह तुम्हा री मूढ़ता से जुड़ी हुई समस्यान है। पर दुबारा समझाने का प्रयत्नत करूँगा। याद करो, हम कह जाए हैं कि निदान के समय रियायत नहीं बरती जाती, न उपचार के समय रियायत बरती जाती है। उदारता इस बात में बरती जा सकती है कि सभी मरीजों का बिना भेदभाव के निदान और उपचार हो। आर्थिक, सामाजिक, शैक्षिक या लैंगिक भेदभाव न बरता जाय। लाभ देते हुए भेदभाव न करना अलग बात है, सबको एक जैसा मान लेना मूर्खता भी नहीं जड़ता का प्रमाण है, जो तुम देते आए हो।

”हम यहॉं दो विकल्पों के बीच सर्वोत्तम विकल्प की बात करना चाहेंगे। एक है जिसमें सुधार, पुनर्विचार, समायोजन और क्रान्तिकारी परिवर्तनों का स्वागत है। उसे दोषमुक्त नहीं मानता, पर दोष को दूर करने की प्रतिबद्धता है। इसमें भी एक छोटा सा, प्रभावहीन, तबका है जो कटमुल्लों जैसा अडि़यल है, परन्तु उसकी न कभी चली है, न चलने पाती है, क्योंंकि इसका नेतृत्व बुद्धिजीवी वर्ग के हाथ में रहा है, जिसने तर्क को सबसे प्रभावशाली औजार के रूप में काम में लिया है और ब्रह्मसमाज, आर्यसमाज, प्रार्थनासमाज आदि के बड़े सामाजिक आन्दो लन खड़े किए हैं, इसलिए जिससे जुड़कर समाज के रुग्ण और सताए हुए तबकों तक पहुंच कर नैतिक आग्रह के बल पर व्यापक जनाधार तैयार हो सकता था और जमीनी सचाई को समझने का अवसर मिल सकता था। वह न तुम समझ पाए न कर पाए।

”दूसरा है जिसमें बार बार इस बात की दुहाई दी जाती है कि ऐसा कुरान में भी है, या कुरान का यह उल्लंघन नहीं है, इसलिए इस सीमा तक किसी प्रगतिशील प्रस्ताव का विरोध करना ठीक नहीं है । यह दूसरी बात है कि उसी कुरान के अनुसार उसकी भिन्न व्या्ख्या करने वाले और इसलिए उसे वर्जित मानने वाले भी हो सकते हैं और अधिक संभावना इस बात की है कि वे बहुमत में निकलें या इतने प्रभावशाली निकलें कि सुधार का प्रस्ता व रखने वालों के खिलाफ फतवा जारी कर दें या उन्हें अपनी जबान बन्द करने काे बाध्य कर सकें। ऐसा लगातार हुआ है।

”अत: वहॉं मार्क्सवाद को उस सीमा तक डाइल्यूट करना होगा कि वह खींचतान कर ही सही, कुरान से, कट्टरपन्थियों द्वारा उसकी व्याोख्या से, कम से कम आभासिक मेल पैदा करे। परन्तु इससे काम चलने वाला नहीं। क्योंकि यह इस्लाखमीकरण की प्रक्रिया का आरंभ मात्र है जिसमें कसौटी पर खरा उतरने के लिए लगातार झुकते जाना और समझौते करते जाना पड़ता है और यह प्रक्रिया पूरी तब होती है जिसके बाद तुम्हारा पूरा इस्लामीकरण हो जाता है, यद्यपि इसके बाद भी तुम उपहास के पात्र ही बने रहते हो क्योंकि जब तक तुम्हारे भीतर तार्किकता का आग्रह पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता, कट्टर मुसलमानों के सामने तुम खट्टर मुसलमान ही माने जाते हो।”

”आ गए न अपने हिन्दूवादी कार्यक्रम पर ।”

”मैंने तुमसे कहा, मैं निदान कर रहा हूँ । यदि मैं अपनी ओर से कोई चीज जोड़ कर कुछ सिद्ध करना चाहता हूँ तो उसका उल्लेख अवश्य करो, क्योंकि इससे परिणाम प्रदूषित होता है। परन्तु तुम तो कहते हो अमुक अमुक तथ्यों से ऑंखें मूँद कर निदान करो। फिर तो मूँदहु ऑंखि कतहुँ कोउ नाहीं।” न समस्या, न समाधान, न हाय तौबा, न तुम्हारी जरूरत । और तब यह जो तुम सैफ्रनाइजेशन और भगवाकरण अभुआते रहते हो, तुम्हें उस सन्निपात से भी मुक्ति मिलनी चाहिए ।”

”तुम कलारूपों पर और विशेषत: दृश्य माध्यमों पर जिन्हें अधिक योजनाबद्ध रूप में बनाया जाता रहा, उनके माध्यम से मेरे मन्तव्य को समझने का प्रयास करो। जानते हो तुम्हा्री अपने और अपनों के प्रति नफरत पहले सुधार से आरंभ हुई । चोटी तुम्हारे सौन्दार्यबोध को आहत करती थी, तो नौकरो चाकरों की मोटी चुटिया को अधिक नयनाभिराम बना कर तुम पेश करते रहे। इसे मूर्खो अनपढ़ों की पहचान बना कर पेश करते रहे। निहायत भोड़े रूप में चोटी चन्दन चर्चित किसी पंडित को, जिसको उसके हिन्दी उच्चारण के कारण अधिक हास्यास्पद बनाने के लिए उसे दक्षिण भारतीय पृष्ठभूमि का दिखाया जाता रहा और इस तरह विनोद और बढ़ जाता था। तुम इन्हें मूढ़ता और पोंगापन्थी का लक्षण बताते रहे।

”इसके माध्यम से तुमने भारी सफलता पाई जनेऊ की झंझट से भी मुक्ति मिल गई। हिन्दू महिलाएँ चोटी रखती है तो उसे भी मोम लगा कर इन्द्रधनुषी बना कर मनोरंजन कराया। लोगों ने इसे भी गुड स्पिरिट में लिया और तुम्हारी भोड़ी विनोदप्रियता पर भी हँसते रहे।

”बहादुरी, त्याग, उत्सर्गभावना का जहाँ भी अवसर आता तुम एक खान भाई को उतार देते और प्राण और नाना पाटेकर जैसे प्रभावशाली कलाकारों के माध्यम से वह गुंडई के बावजूद त्याग और सद्भभाव की मूरत बन जाता। बड़ा अच्छा प्रभाव पड़ता, खास कर इसलिए कि अब वह व्यक्ति भी नहीं रह जाता, केवल खान रह जाता और उसकी सदाशयता की कद्र न करने वाले अपने पुराने विश्वासों में जकड़े कितने जघन्य लगते, कितने अन्यायी और मूर्ख ।

”इस तरह सद्भावना पैदा करने के लिए तुम सबसे सशक्त‍ माध्यम से ले कर कहानी और नाटक तक में लगातार समाज को सुधारने और जिसे तुम सबसे डरावना मान रहे थे उसको रास्ते‍ से हटाने में जुटे रहे। तुम जिस दवा से बीमारी का इलाज कर रहे थे उस पर कभी किसी ने कोई आपत्ति तक नहीं की । क्‍योंकि इस देश में विचारो और बौद्धिकों की चलती आई है। दवा चलती रही फिर जो दवा का उल्टा परिणाम हुआ, उसकी कोई जिम्मेदारी कभी तुमने ली।”

वह घिरा हुआ अनुभव कर रहा था और बच निकलने का कोई रास्ता तलाश रहा था, वह रास्ता उसे मिल भी गया, ”यह सब हमारी इतनी कोशिशों के बाद बढ़ा है। यदि हम हाथ पर हाथ धरे बैठे रहते तो पता नहीं कब का क्या हो जाता।”

”यह इतना सहनशील समाज जिसे तुम लगातार छेड़ते रहे और सुधार के नाम पर अपमानित करते रहे, जिसने तुम्हारे इतने उकसावों के बावजूद कभी तुम्हा रे खिलाफ कोई आवाज तक नहीं उठाई, उसे तुम खुराफाती और हुड़दंगी मानते हो, परन्तु उसके धीरज को अधिक से अधिक अपमानजनक परीक्षाओं से गुजार कर तुमने विस्फोटक बना दिया फिर भी कहते हो कि हमने उसका अपमान न किया होता तो वह जाने क्या तूफान खड़ा कर देता। मैं समझ नहीं पाया तुम्हारे विचारों को उनकी ऊँचाई के कारण, क्या तुम समझा सकोगे मुझे अपनी समझ कहॉं से दुरुस्त करनी चाहिए ।”

वह चुप रहा । शायद उत्तर बन नहीं पा रहा था।

”एक सहिष्णु समाज को, इतने सहिष्णु समाज को, जिसे अपने इसी गुण के कारण कई बार ‘कायर’ ‘भीरु’ जैसे विशेषणों तक से अपमानित किया जाता रहा, परन्तु इसे भी सह कर जिसने अपने युगों के अर्जित संस्कार को नहीं त्यांगा, असहिष्णु, बनाने में तुम्हारी कोई भूमिका नहीं, जिसने अपने इलाज का भार चुपचाप तुम्हारे ऊपर छोड़ रखा था। यदि तुम्हारी समझ में इसका कारण अब भी न आ रहा हो तो मैं तुम्हारी मदद करूँ।”

उसने मदद तो नहीं माँगी, क्यों कि समझ उसकी इतनी अच्छी है कि कोई दूसरा उसे समझा नहीं सकता, दबे स्वर में कहा, ”इसे तुम किस रूप में देखते हो?”

”मैं इसे उसी प्रक्रिया के रूप में देखता हुँ जिसको न तो तुम समझ पाए, न स्वी’कार कर पाओगे और जिसे छिपाने के लिए तुम्हें लगातार झूठ पर झूठ गढ़ने पड़े हैं।
तुमने केवल एक बार को प्ले्बीसाइट का समर्थन करने की भूल नहीं की थी, उसके परिणामों को मुस्लिम लीग की इच्छा के अनुसार मोड़ने के अभियान में हिस्सा लिया था। उसके इरादों को लगातार अपने कार्यक्रम का हिस्सा बनाए रखा और लगातार उस पर खरा उतरने के लिए अधिक उग्रता अपनाते चले गए और आज जब लगा कि अब तो बाजी ही पलटने वाली है तो अभी चुनाव आरंभ भी नहीं हुए थे तुम खंडप्रलय की भविष्यवाणियॉं करते हुए, उसकी उपलब्धियों पर परदा डालते हुए, घिनौने से घिनौने हथियार का प्रयोग, उसे लांछित और अपमानित करने के लिए करते रहे और वह अपनी राष्ट्रनिष्ठाा और सर्वसमावेशी अभि‍यान के विश्वास पर अडिग तुम्हारी स्थिति यक्ष पर वाणों की बौछार करने वाले अर्जुन की सी किए मूस्काराता और प्रचार माध्यमों को किनारे डाल कर जनता से सीधे संवाद करते हुए अपनी बात समझाता और अपने इरादों को स्पमष्ट करता रहा और इसके अनुपात में ही तुम्हारी बौखलाहट विक्षिप्तता के हाशिये तक पहुँती गई है। अब कल यदि तुमको कहना पड़े कि हमारा यह प्रस्ताव कुरान के अनुरूप है तो मुझे तो आश्चर्य न होगा, बल्कि खुशी होगी कि लोगों की समझ में तो आ गया भारतीय सेक्युैलरिज्म किसका पर्याय है!
14-Aug-16

Post – 2016-08-14

एक अतुकान्‍त भी

सभी अक्षरों से परे मेरी जिंदगी
सभी श्‍ब्दों से परे मेरी पीड़ा
अर्थहीनता के मूर्धन्य कोण पर मेरी जिज्ञासा
अतीत और भविष्य के दो पाटों के बीच की अपरिभाषित दरारमें
पिसती मेरी योजनाएँ
‘मैं हूँ
‘मै ही रहूंगा बचा’ के हाहाकार में
अपने को तलाशता मैं
आपके सामने उपस्थित
शायद
जीवित
शायद
जीवितों की तलाश में भटकता
इस सांस्कृतिक मुर्दाघर में ।
04.05.2006

Post – 2016-08-14

एक पुरानी तुकबन्‍दी

जिन्दगी ऐसे गुजारी कि कोई गम न रहा।
दुखों का बोझ कभी जिंदगी में कम न रहा।
झेलते खेलते रखता हुआ पल वल का हिसाब
घाव भरते गए अब दर्द एकदम न रहा।।
06/10/06