Post – 2015-09-15

कौन कहता है कि लो भगवान भी बूढा हुआ
वह अगर माने तो हमको मान लेना चाहिए.
2015-09-15

बात तो कुछ भी न थी कल फिर भी हंगामा हुआ
शोर चारों और से यह क्या हुआ यह क्या हुआ
हमने तो पूछा था खुश खुर्रम तो हैं इस दौर में
आप चीखे ‘लो सरे बाजार मैं रुस्वा हुआ’
‘दोस्त को दुश्मन बनाने का नया अंदाज़ है
‘किसकी सोहबत में रहे इतना असर गहरा हुआ’
‘अब मिटाकर खाक कर देंगे’ कहा क्या आपने?
‘हाथ क्या आएगा, सोचें तो अगर ऐसा हुआ.’
बेवज़ह होता ज़माने में नहीं भगवान कुछ
हमने भी हंसकर कहा ‘जो कुछ हुआ अच्छा हुआ’.
9.15.2015.

Post – 2015-09-14

उनकी महफ़िल में जो हिटलर का मैंने नाम लिया.
डर गए लोग कई ने तो जिगर थाम लिया.
मैंने हंसकर कहा वह मर भी गया सड़ भी गया
काँपते बोले कि कुछ होगा इंतज़ाम किया
मैंने पूछा कि है कितनों को मिटाया तुमने?
कितने सरसब्ज़ इलाक़ों को बियाबान किया.
सिर्फ तोहमत व हिकारत व ज़लालत दरपेश
तुमने इतना ही कलामो-सुखन के नाम किया
सिर्फ गोबेल के निशाने क़दम पर चलते रहे
न कहीं ईंट न पत्थर न क़त्लेआम किया.
न दारो रस्न, न जल्लाद, न खंज़र, न लहू
बस लिखा नाम और काटा और राम राम किया.
अपने चेहरे से उतारो ये मुखौटे तो सही
वह सुपारी तो दिखाओ कि जिस पर काम किया.
2015-09-14

Post – 2015-09-13

कई चिराग़ जलाए थे रास्ते में तेरे
कई निशान लगाए थे रास्ते में तेरे
भटक न जाये, फिसल जाये न ठोकर खाए
कई रहबर भी बिठाए थे रस्ते में तेरे
हुनर की दाद दें तूने बना लिए काँटे
फूल जो मैंने बिछाए थे रास्ते में तेरे
दुश्मने जान छिपा बैठा है तेरे भीतर
वह खुद-फरोश न आ जाए रास्ते में तेरे.
2015-09-13

Post – 2015-09-12

लोग हर बात को क्यों दिल से लगा लेते हैं
जगह छोटी सी मालखाना बना देते हैं
कोई तो पूछे क़ि बतला तो तेरा दिल है कहाँ
पेश्तर इसके ही सीने से लगा लेते हैं.
ऐ मुहब्बत तुझे अंधों ने ही पाला पोसा
बात दिल की करें पर जाँ से लगा लेते हैं
हमने तो इश्क़ में बर्बादियाँ देखीं, झेलीं
लुटाया अपने को क्या आप से कुछ लेते हैं.
9/12/2015 9:27:20 PM

Post – 2015-09-12

न रात थी न तो दिन था न अँधेरा न उजास
महज़ क़यास था, धुँधलाया हुआ एक क़यास.
जो जैसा है उसे वैसा ही मानते हैं लोग
यह बस क़यास था अब तक है महज़ एक क़यास.
क्यों सच को मानने-कहने से लोग डरते हैं
क्यों सच को सुनते ही खो बैठते है होशोहवास.
इस पशोपेश में लो ज़िन्दगी तमाम हुई
न जीर्ण शीर्ण मगर घिस तो चला है ही लिबास.
नाउमीदी के सिरे पर है उमीदों की किरन
आखिरी साँस से पहले तो मिलेगा ही जवाब.
मेरे क़यास मेरी आबरू तेरे हाथों
मैंने भगवान को देखा न कभी होते उदास.
9/12/2015 8:29:35 PM

Post – 2015-09-12

जो लोग अपनी प्रतिक्रियाओं को तत्काल सुलभ माध्यमों से व्यक्त नही करते वे भी व्यथित होते हैं. परन्तु जो लोग इसमें तत्परता दिखाते हैं उनका नितांत संवेदनशील मुद्दों पर चुप रहा जाना खलता है. उदय प्रकाश ने लेखकों की अभिव्यक्ति की स्वतन्त्रता पर भारत में भी पाकिस्तान व बांग्लादेश की नक़ल पर लेखकों की ह्त्या की प्रवृत्ति के विरोध में अपना क्षोभ प्रकट करते हुए और साहित्य अकादमी द्वारा अपने पुरस्कृत लेखकों तक की ह्त्या पर चुप्पी साधने के विरोध में अकादमी सम्मान लौटाते हुए एक प्रशंशनीय उदहारण पेश किया. काम से काम इसके बाद तो हिन्दी के बुद्धिजीवियों की चुप्पी टूटनी चाहिए थी. हम सुरक्षित कभी नहीं रहे पर अपनी उदासीनता से अपनी असुरक्षा स्वयं बढ़ाते हैं.

Post – 2015-09-12

एक दस्तक और बे-आवाज़
तने फैले पंख बे-परवाज़
एक मरकज़ दायरों से दूर
दायरों की तुच्छता का राज़
आसमानों की तरफ है दीठ
उपेक्षा उपहास पर भी नाज़
कई मोर्चों पर खड़ा बस एक
तने सर पर बर्छियों का ताज
होश में मदहोशियों के बीच
देखिये भगवान के अंदाज़.
9/11/2015 9:35:56 PM

वक़्त बेवक़्त उभर आता है जाने क्योंकर
यह मेरा अपना है या दर्द किसी और का है.
सूद-दर-सूद चुकाता ही चला आया हूँ
लिया मैंने नहीं यह क़र्ज़ किसी और का है.
सज़ा चुकाने की बस यह कि चुकाते ही रहो
जिस महाजन की बही है वह किसी और का है
‘तुम भी भगवान हो लाचार और बेबस इतने ?’
‘जिसको भगवान समझते हो गए दौर का है.’
9.11.2015

Post – 2015-09-11

वही दो चार जुमले हैं न कहने को बचा कुछ भी
कभी चुप रह न पाते थे यह सच तक भूल जाते हैं
ज़माने भर के नग़मे और ज़माने भर के अफ़साने
हमारे गिर्द मंडराते थे ख़ुद क़ासिद बताते हैं
मुहब्बत में अदावत कैसे आकर हो गई शामिल
तुम्हे जब याद करते हैं तो दुश्मन याद आते हैं.
2015-09-11

Post – 2015-09-10

खुद को मैं ‘गर आपके ही आईने में देखता.
मानिए सच आप जो कुछ देखते हैं देखता.
आप दिखलाते अगर दिन में भी तारे चाँद तो
मैं भी कहता मरहवा जो कुछ दिखाते देखता.
रात में कहते की सूरज को अभी हाज़िर करो
मैं क़ज़ा को याद करता आप का मुंह देखता.
देखने को क्या बचा है इस निज़ामे हुस्न में
कौन कब तक देखता हाँ कौन क्या क्या देखता.
मैंने जब भगवान से पूछा कि क्या दीखा तुझे
हंस के बोला ‘खुद ही गुम हूँ मैं भला क्या देखता’-
2015-09-10

Post – 2015-09-10

लोग कहते हैं कि कुछ चूक हुई थी मुझसे
तुम ही बतलाओ वक़्त क्या था माज़रा क्या था
सही जगह तो बताओ कि होश में आऊँ
मैं भी तो याद करूँ क्यों हुआ, हुआ क्या था
जगह अपनी तो बताओ कि कहाँ हो तुम खुद
तुम्हारे शोर का घाटा और फायदा क्या था
अब यकीन हम नहीं करते हैं किसी पर देखो
हिसाब की बही खोलो कहो लिखा क्या था.
2015-09-10
कहने को हम कुछ चले थे और क्या क्या कह गए
कह रहा था कौन किसके सामने चुप रह गए
किस अँधेरे से निकल कर कौंध सी फूटी उजास
भरना चाहा अंजली में, छूते छूते रह गए .
2015-09-10